सिरोही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पचपदरा दौरे को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर और जिला प्रभारी मनोज सिंघानिया ने सिरोही विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्हें पीएम मोदी की पचपदरा जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में लोगों को लाने की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में बस प्रभारियों और शक्ति केंद्र संयोजकों से तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जिम्मेदारी के साथ जुटने और जिले से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पचपदरा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है। सांसद लुंबाराम चौधरी ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ समर्पित होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया। इसी बैठक में भाजपा ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया। नेताओं ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त कीं। प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने कांग्रेस को ‘एंटी-रिफॉर्म पार्टी’ बताते हुए कहा कि वह हमेशा सुधारों का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक हमारी सरकार का एक नेक प्रयास था, लेकिन कांग्रेस और विपक्षी दलों ने इस बिल का विरोध कर महिलाओं के प्रति अपनी सोच उजागर की है। जिला प्रभारी मनोज सिंघानिया ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करके कांग्रेस देश की नारी शक्ति को आगे नहीं बढ़ने देना चाहती। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने इस विधेयक का विरोध कर संविधान का अपमान किया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम समय की मांग थी : चौधरी
सांसद लुम्बाराम चौधरी ने कहा कि परिवारवादी पार्टियां नहीं चाहतीं कि महिलाएं आगे बढ़ें क्योंकि इससे उनकी स्वार्थपूर्ण राजनीति खत्म हो सकती है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन समय की मांग थी। विधेयक का उद्देश्य किसी से कुछ छीने बिना महिला सशक्तिकरण को पंख देना था।

एक महिला सब कुछ भूल जाती है, लेकिन अपना अपमान नहीं : भंड़ारी
जिलाध्यक्ष रक्षा भंड़ारी ने कहा कि एक महिला सब कुछ भूल जाती है, लेकिन अपना अपमान नहीं। कांग्रेस और उसके विपक्षी दलों द्वारा किया गया यह अपमान हर महिला के दिल में हमेशा रहेगा। कांग्रेस जैसे दलों की स्वार्थपूर्ण राजनीति देश की महिलाओं की कीमत पर की गई है उन्होंने विधायिकाओं में 33% महिला आरक्षण देने के प्रयासों को विफल किया है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि बैठक में लोकसभा में नारी वंदन अधिनियम के विरोध को लेकर विपक्ष और कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। 21 अप्रैल को पचपदरा में रिफाइनरी के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री का दौरा प्रस्तावित है। जिसको लेकर प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर व प्रभारी मनोज सिंघानिया ने रेवदर व पिंडवाड़ा विधानसभा की बैठक ली। जिसमे तय किया गया कि बूथ स्तर तक की भागीदारी सुनिश्चित कर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। बैठक में जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित, पूर्व जिलाध्यक्ष कमलेश दवे, जिला महामंत्री गणपतसिंह राठौड़, नरपतसिंह राणावत, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नारायण देवासी, बूथ अध्यक्ष सहित मंडल पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।