प्रतापगढ़ जिले के देवगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक ही परिवार के सात लोग खाना खाने के बाद बीमार पड़ गए। सभी ने खुट्टगढ़ गांव के आडावेला पाड़ा में नोत कार्यक्रम के बाद हुए भोज में खाना खाया था। जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान रात में दाल-बाटी बनाई गई थी। अगले दिन दोपहर में परिवार के सदस्यों, जिनमें बच्चे भी शामिल थे, ने वही भोजन खाया। भोजन करने के लगभग एक से दो घंटे के भीतर सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। बीमार पड़ने वालों में पांच बच्चे उदयलाल (5 वर्ष), संजू (7 वर्ष), शिल्पा (5 वर्ष), अनुष्का (3 वर्ष) और रामलाल (5 वर्ष) शामिल हैं। इनके अतिरिक्त जमकू (56 वर्ष) और सूरज (25 वर्ष) भी प्रभावित हुए। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की मदद से सभी मरीजों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गांव में जांच के लिए भेजी टीम जिला अस्पताल के पीएमओ आलोक यादव ने बताया कि सभी बच्चों का उपचार जारी है और डॉक्टरों को सक्रिय कर दिया गया है। सभी बच्चों की हालत सामान्य है। जिस गांव से बच्चे आए हैं, वहां एक टीम भेजने की तैयारी की जा रही है। पूरी घटना की जानकारी रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ पाएगी। फिलहाल, सभी मरीजों की स्थिति स्थिर है।