जयपुर में राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) अब कलाकृतियों को बेचने का भी काम करेगा। अपने तीसरे स्थापना दिवस पर नई आर्ट गैलेरी की घोषणा करते हुए कलाकारों को मंच देने के साथ उनकी कलाकृतियों को उचित दाम भी दिलवाएगा। झालाना डूंगरी स्थित RIC ऑडिटोरियम के बालकनी एरिया में शुक्रवार को इस आर्ट गैलेरी का उद्घाटन किया गया। यहां 50 कलाकारों की कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है। यहां 8 लाख रुपए तक की कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है। यहां बिकने वाली कलाकृति के राशि से 5 प्रतिशत का कमीशन आरआईसी लेगा। यहां प्रदर्शित रंग-ए-राजस्थान आर्ट एग्जीबिशन का आयोजन 17 अप्रैल से 17 मई तक किया जाएगा। इसमें प्रदेश की समृद्ध और विविध कला परंपरा का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। 10 हजार रुपए से लेकर 8 लाख तक की पेंटिंग्स RIC की प्रथम मंजिल स्थित नई आर्ट गैलरी में करीब 50 बडे़ कलाकारों की एक-एक चयनित कलाकृति प्रदर्शित की गई हैं। खास बात यह है कि यह प्रदर्शनी एग्जीबिशन-कम-सेल के रूप में आयोजित की गई है, जहां दर्शक कलाकृतियों का देखने के साथ उन्हें खरीद भी सकेंगे। प्रदर्शित पेंटिंग्स की कीमत 10 हजार रुपए से लेकर 8 लाख रुपए तक है। पांच प्रतिशत कमीशन लेगा आरआईसी आमतौर पर कई आर्ट गैलरी कलाकारों से लगभग 30 प्रतिशत तक कमीशन लेती हैं। वहीं RIC केवल 5 प्रतिशत कमीशन पर कलाकृतियों की बिक्री करेगा। यह कदम कलाकारों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। प्रदर्शनी में राजस्थान की समकालीन, लोक और पारंपरिक कला शैलियों का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है। साथ ही आरआईसी के स्थायी संग्रह से भी कुछ विशेष कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है। इनमें देश के प्रसिद्ध कलाकारों के कार्य शामिल हैं। वरिष्ठ कलाकारों के साथ युवाओं की भी कलाकृति प्रदर्शित इस एग्जीबिशन में तीन पीढ़ियों वरिष्ठ, मध्यम और युवा कलाकारों की भागीदारी है। वरिष्ठ कलाकारों में देवकीनंदन शर्मा, शबीह हसन काजी, भवानी शंकर शर्मा, दीपिका हाजरा, समदर सिंह खंगारोत, नाथूलाल वर्मा, सुब्रतो मंडल, विनोद भारद्वाज, प्रमोद आर्या, गोपाल स्वामी खेतान, श्वेत गोयल, निकहत तसनीम काजी, अमिता राज गोयल, कृष्णा महावर, जगदीश प्रकाश मीना और ब्लू पॉटरी के लिए प्रसिद्ध शरद भारद्वाज शामिल हैं। इसके अलावा सक्रिय कलाकारों जैसे लाखन सिंह जाट, अमित हरित, विनोद नागर और नीता गलोत्रा की कृतियां भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। वॉश तकनीक की विशेष कृतियों का भी प्रदर्शन किया गया है। इसका निर्देशन इस क्षेत्र के विशेषज्ञ लक्षपाल सिंह राठौड़ द्वारा किया गया है। प्रदर्शनी का क्यूरेशन प्रसिद्ध क्यूरेटर निकहत अंसारी ने किया है। उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई कला आयोजनों का सफल संचालन किया है। यह प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
