हनुमानगढ़. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से बुधवार को कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। परिणाम जारी होते ही विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्कूलों में जश्न का माहौल देखने को मिला, वहीं कई विद्यार्थियों ने मिठाइयां बांटकर अपनी सफलता का उत्सव मनाया। हालांकि सीबीएसई की ओर से जिला स्तर पर मेरिट सूची जारी नहीं की जाती है, जिसके चलते जिले के टॉपर्स की आधिकारिक सूची सामने नहीं आ सकी। बावजूद इसके विभिन्न स्कूलों से सामने आए उत्कृष्ट परिणामों ने जिले का नाम रोशन किया है।हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित गुरु हरिकृष्ण सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा सौम्या पुत्री विपिन कुमार, ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 97.06 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विशेष बात यह रही कि सौम्या ने विज्ञान विषय में शत-प्रतिशत यानी 100 में से 100 अंक हासिल किए। अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए सौम्या ने बताया कि उसका सपना इंजीनियर बनना है। वह तकनीक के माध्यम से आम लोगों के जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में कार्य करना चाहती है। सौम्या ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उसके पिता विपिन कुमार व्यवसायी हैं, जबकि माता ममता बाघला गृहिणी हैं। परिवार ने बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

You missed