कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में एक व्यक्ति को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसएचओ सोनमदीप कौर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जानकारी के अनुसार, भीम कदीम निवासी मंगल सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि 24 सितंबर को वह सुल्तानपुर में अपनी कंबाइन के लिए स्पेयर पार्ट्स लेने गए थे। तलवंडी पुल के पास एक होटल के नजदीक, 27 वर्षीय एक युवती ने उन्हें रोका और पुड्डा कॉलोनी जाने के लिए लिफ्ट मांगी। युवती ने खुद को बीमार भी बताया। मंगल सिंह ने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। युवती ने उनसे अपने गांव सवाल तक छोड़ने को कहा। गांव सवाल में पानी की टंकी के पास जब मंगल सिंह बाइक से उतरने लगे, तो युवती ने उन्हें जबरन एक घर के अंदर बुला लिया। घर के अंदर तीन युवक, एक सादे कपड़ों में व्यक्ति और एक अन्य महिला मौजूद थे। उन्होंने मंगल सिंह का पर्स छीन लिया, जिसमें 6000 रुपए थे। तख्त पर लेटाकर उतारे कपड़े पीड़ित ने बताया कि उसे एक कमरे में ले जाकर तख्त पर लेटा दिया गया। उसका पजामा उतार दिया गया और उस महिला ने भी अपने कपड़े उतार दिए। युवकों ने मंगल सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मोबाइल पर उसकी तस्वीरें खींचने लगे। हालांकि, मंगल सिंह अपना चेहरा छिपाने में कामयाब रहे। इसके बाद आरोपियों ने मंगल सिंह से दो लाख रुपए की मांग की। उन्होंने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए तो उसे जान से मार देंगे और पुलिस या किसी और को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। मंगल सिंह ने आरोपियों से कहा कि वह केवल 20,000 रुपए दे सकते हैं, जो वह अपने आढ़ती से लेकर देंगे। आढ़ती से लेकर दिए 20 हजार फिर उसकी बात मान कर आरोपियों ने बाइक पर सुल्तानपुर लोधी आए और उन्हें आढ़ती से 20 हजार रुपए लेकर दे दिए। उन्होंने फिर से उससे 50 हजार रुपए की मांग शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि आरोपी युवकों के नाम जसवीर सिंह, लव, रवि निवासी गांव सवाल, गोबिंदा निवासी मुश्कवेद कपूरथला और जो लड़की उन्हें बाइक पर ले जा रही थी, की पहचान गांव फरीद सराय सुल्तानपुर लोधी के रुप में हुई है। सुल्तानपुर लोधी थाना SHO ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर आरोपी लव, रवि और गोबिंदा को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
