अमीर बनने के लिए दो सगे भाइयों ने बुजुर्ग महिला की हत्या कर ज्वेलरी लूटी थी। महिला खेत में केर तोड़ रही थी। मदद के बहाने आरोपियों ने महिला से कूट (धारदार हथियार) ले लिया और गर्दन पर कई वार किए। मौत के बाद कान, नाक और अन्य ज्वेलरी निकालने के बाद कड़े नहीं निकले तो पैरों को काट दिया। सोने-चांदी के बढ़ते दाम देखकर प्लानिंग की थी। 4-5 दिन तक रेकी के बाद वारदात को अंजाम देकर आरोपी कर्नाटक और गुजरात भाग गए थे। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला पाली के मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र के कराड़ी गांव का है। घटना 1 अप्रैल को हुई थी। SP मोनिका सैन ने बताया – मामले में आरोपी भरत (22) पुत्र जालाभाई और राजू (25) दोनों पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र के बिठोड़ा कलां के रहने वाले हैं। वारदात के बाद आरोपी भरत गुजरात भाग गया था, जिसे अहमदाबाद से पकड़ लिया गया। वहीं राजू बेंगलुरु (कर्नाटक) चला गया था, जिसे वापस आते ही मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र से दबोच लिया गया। करीब 6 लाख रुपए की ज्वेलरी को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। सिलसिलेवार पढ़िए पूरा घटनाक्रम … 1. एक अप्रैल को सूखे तालाब में मिला शव
पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र के कराड़ी गांव में 1 अप्रैल की शाम सूखे तालाब में प्यारीदेवी सीरवी (65) का शव मिला था। शव के दोनों पैर कटे हुए थे और उनके कान, नाक, गले व पैरों में पहने गए गहने गायब थे। वह उस दिन अपने खेत पर गई हुई थीं। पुलिस ने लूट के इरादे से हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। 2. सोने-चांदी के चढ़ते भाव देखकर बनाई लूट की योजना
एसपी मोनिका सैन ने बताया – दोनों भाई कोयला बनाने का काम करते हैं। सोने-चांदी के बढ़ते भाव बढ़ने से अमीर बनने के लिए दोनों ने लूट की प्लानिंग बनाई थी। इसके लिए इन्होंने 4 से 5 दिन तक बिठुड़ा कलां, बारसा, बांता और खैरवा में वारदात करने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। 3. वारदात के दिन सुनसान इलाके में महिला को बनाया निशाना
1 अप्रैल को मौजा कराड़ी गांव के बाहर प्यारीदेवी केर तोड़ रही थी। इस दौरान दोनों भाइयों ने मौके का फायदा उठाया। मदद करने का झांसा देकर प्यारीदेवी से कूट (धारदार हथियार) ले लिया और उन्हें बातों में उलझा दिया। 4. विरोध करने पर की निर्मम हत्या और गहनों की लूट
गहने छीनने के प्रयास के दौरान प्यारीदेवी ने विरोध किया, जिसके बाद आरोपियों ने मौका मिलते ही गर्दन और पैर काटकर हत्या कर दी। बताया गया कि उनके गले, कान और अन्य गहनों के साथ पैरों में पहने चांदी के गहने भी थे, जो आसानी से नहीं निकल पाए, इसलिए दोनों पैर काटकर गहने लूटे गए। वारदात के बाद आरोपी गहने लेकर बेंगलुरु की ओर फरार हो गए। 5. ग्रामीणों के धरने के बाद गठित हुई पुलिस टीम
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण और सीरवी समाज के लोग 2 अप्रैल को थाने के बाहर धरने पर बैठ गए थे। समझाइश के बाद 3 अप्रैल को धरना स्थगित कर दिया गया। एसपी मोनिका सैन के निर्देशन में एएसपी जयसिंह तंवर, एएसपी चैनसिंह महेचा, एएसपी नरेंद्र देवड़ा और सीओ सोजत सिटी रतनाराम देवासी की टीम गठित की गई। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 6. लूट की प्लानिंग बनाकर आए थे गांव
आरोपियों की तलाश के लिए कराड़ी, बिठुड़ा, आउवा, बांता और खैरवा समेत आसपास के गांवों के 500 से अधिक सीसीटीवी खंगाले गए। इसके बाद पूछताछ में पता चला कि दोनों बेंगलुरु और अहमदाबाद की तरफ गए हैं। भरत को अहमदाबाद (गुजरात) से डिटेन किया गया। उससे पूछताछ में सामने आया कि राजू बेंगलुरु में है और वह मारवाड़ जंक्शन (पाली) आएगा। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर उसे मारवाड़ जंक्शन थाना के भगवानपुरा चौराहे से हिरासत में लिया। दोनों को 14 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया – आरोपी भरत साबरकांठा (गुजरात) के आश्रमशाला में कबाड़ी की दुकान पर काम कर रहा था, वहीं राजू मिट्टी के बर्तन की दुकान पर मैसूर रोड, बिददी, बेंगलुरु (कर्नाटक) में काम कर रहा था। दोनों लूट की प्लानिंग बनाकर पाली अपने गांव आए थे। 7. वारदात से पहले बेटी से हुई थी बात प्यारी देवी के बेटे भीमाराम और चुन्नीलाल पुणे (महाराष्ट्र) में रहते हैं। वहां उनकी मेडिकल शॉप है। घटना से कुछ घंटे पहले प्यारी देवी की बेटी ने फोन किया था। इस दौरान उन्होंने बताया था कि वह खेत में पूजा करने आई है। साथ ही उन्होंने दो अनजान लड़कों के वहां केर तोड़ने की बात भी कही थी। महिला ने पैरों में करीब आधा किलो चांदी के कड़ले, कान में सोने के झुमके और गले में 3 तोला सोने का मादलिया पहना हुआ था। फिलहाल पूछताछ के आधार पर ज्वेलरी बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। — लूट व हत्या से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें … महिला की गला और पैर काटकर हत्या:पैरों और कान में पहनी सोने-चांदी की ज्वेलरी ले गए बदमाश; तालाब में मिला शव पाली में 65 साल की महिला की गला काटकर हत्या कर दी गई। आरोपी पैर काटकर गहने भी ले गए। पूरी खबर पढ़िए