कोटा की युवा ट्रैप शूटर नंदीका सिंह ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि जब इरादे मजबूत हों तो हर निशाना सटीक लगता है। पंजाब के पटियाला में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप में नंदीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता है। प्रतियोगिता 4 से 12 अप्रैल तक आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता के शुरुआती राउंड से ही नंदीका ने सटीकता और आत्मविश्वास का बेहतरीन संयोजन दिखाया। लगातार उम्दा प्रदर्शन करते हुए उन्होंने टॉप-6 फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में उनका मुकाबला देश के अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के शूटरों से था, लेकिन दबाव के बीच भी उन्होंने धैर्य नहीं खोया और बेहतरीन निशानेबाजी करते हुए व्यक्तिगत स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही टीम स्पर्धा में भी उन्होंने रजत पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। एक महीने में दूसरी बड़ी कामयाबी
नंदीका की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि यह पिछले एक महीने में उनकी दूसरी बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले मार्च 2026 में खेलो इंडिया ऑल इंडिया शॉटगन शूटिंग प्रतियोगिता में उन्होंने टीम गोल्ड और व्यक्तिगत ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था। लगातार मिल रही इन सफलताओं ने उन्हें देश की उभरती हुई शूटरों की कतार में ला खड़ा किया है। अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर नजर
पटियाला में शानदार प्रदर्शन के दम पर नंदीका ने चीन में होने वाली वर्ल्ड यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। पहले ट्रायल में भी गोल्ड जीतकर उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाने की दिशा में अहम कदम बढ़ाया है। पिछले तीन वर्षों में 25 से अधिक पदक जीत चुकी नंदीका अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, अनुशासन और अपने कोच व पिता अशोक पाल सिंह के मार्गदर्शन को देती हैं। साथ ही उन्होंने नेशनल शूटिंग प्लेयर और समाजसेवी आनंद राठी के सहयोग को भी अपनी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।