डीडवाना में जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। इसमें उन्होंने बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं और विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन और समर कंटीजेंसी कार्ययोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए और आपूर्ति सुचारु बनी रहनी चाहिए। बैठक में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की पॉली हाउस, फार्म पौंड और प्राकृतिक खेती जैसी योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अटल प्रगति पथ और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इनमें तेजी लाने के निर्देश दिए गए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, वन, उद्योग, सामाजिक न्याय, विद्युत, सहकारिता, खेल और खनन विभागों की योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पंच गौरव योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निर्देश दिए गए कि किसानों को निर्धारित दरों पर समय पर उपज का भुगतान हो और खरीद केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने खनन विभाग को अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई करने तथा विद्युत विभाग को नावां झील क्षेत्र में अवैध कनेक्शनों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। ई-फाइल प्रणाली के तहत लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया गया। जिला कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में ई-फाइलों का निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर विकास मोहन भाटी, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।