जोधपुर में थार सवार बदमाशों ने स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी। फिर फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से एक संदिग्ध गाड़ी जब्त किया है। घटना जोधपुर के डांगियावास थाना इलाके के बिसलपुर फांटा की शनिवार शाम की है। इसका वीडियो आज सामने आया है। डांगियावास थानाधिकारी दौलाराम ने बताया- घटना को लेकर पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित ने बताया- चांदेलाव निवासी प्रकाश ने फोन करके बिसलपुर फांटा पर स्थित एक ढाबे के बाहर मुझे बुलाया था। जैसे ही मैं मौके वहां पहुंचा। प्रकाश और उसके साथियों ने अपनी थार गाड़ी से मेरी कार को टक्कर मार दी। ढाबे में घुसकर तोड़फोड़ और थारे से मारी टक्कर, फायरिंग पीड़ित ने बताया- कार को टक्कर मारने के बाद बदमाशों ने थार से पीछा किया। मैं अपनी जान बचाने के लिए ढाबे के अंदर घुस गया। हमलावरों ने वहां भी घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और फायरिंग की। थानाधिकारी दौलाराम के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल से एक संदिग्ध गाड़ी को बरामद कर लिया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पॉक्सो केस की गिरफ्तारी से जन्मी रंजिश पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इस जानलेवा हमले के पीछे पुरानी रंजिश है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी प्रकाश पूर्व में बनाड़ थाने में दर्ज पॉक्सो एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इसी केस की वजह से पीड़ित से पुरानी दुश्मनी चल रही है। विशेष टीम गठित, तलाश जारी एडीसीपी (ईस्ट) वीरेंद्रसिंह ने बताया- फायरिंग की घटना का पता चलते ही पुलिस अलर्ट हो गई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें बरामद की गई संदिग्ध गाड़ी के रजिस्ट्रेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।