डीडवाना के गवर्नमेंट बांगड़ कॉलेज में सोमवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती मनाई गई। इस अवसर पर माल्यार्पण, व्याख्यान सत्र और स्वच्छता अभियान जैसे विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को डॉ. अम्बेडकर के जीवन, विचारों और संघर्षों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. मनीषा गोदारा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। अपने संबोधन में उन्होंने डॉ. अम्बेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और भारतीय संविधान निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। डॉ. गोदारा ने विद्यार्थियों से समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. चेनाराम मुंदलियां ने ‘अम्बेडकर के सामाजिक न्याय दर्शन एवं जीवन’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने डॉ. अम्बेडकर के सामाजिक सुधार आंदोलनों, जाति व्यवस्था के विरुद्ध उनके संघर्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रोफेसर छोटाराम मेघवाल ने डॉ. अम्बेडकर के जीवन वृत्त पर जानकारी दी। बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा निशिता ने उनके जीवन से मिली प्रेरणा और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम के गायन के साथ हुआ। इसके बाद महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कुलदीप शर्मा, डॉ. अंतिमा अग्रवाल सहित अन्य संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
