नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने शहर में लगातार बढ़ रहे डॉग बाइट मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को स्ट्रीट डॉग पकड़ने की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को उन्होंने बंधा धर्मपुरा स्थित श्वानशाला और गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान श्वान शाला का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए आक्रामक हो रहे स्ट्रीट डॉग्स को प्राथमिकता से पकड़ा जाए। आयुक्त मेहरा ने स्वास्थ्य अधिकारी ऋचा गौतम को निर्देशित किया कि शहर में डॉग पकड़ने वाली टीमों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा कि पकड़े गए आक्रामक डॉग्स को कुछ समय समय तक श्वानशाला में ही रखा जाए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने श्वानशाला की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और वहां साफ-सफाई व देखभाल को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि शहर में आए दिन स्ट्रीट डॉग्स के हमले के मामले लगातार सामने आ रहे है। जिससे कि लोगों में डर भी है और आक्रोश भी है। गौवंश को गर्मी से बचाने के लिए दिए निर्देश
निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने रविवार को बंधा धर्मपुरा स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को गौवंश को गर्मी से बचाने के लिए सभी प्रबंध करने को कहा। आयुक्त मेहरा ने सभी बाड़ों का निरीक्षण के बाद अधिकारियों से कहा कि सभी बाड़ों पर ग्रीन शीट लगाई जाए तथा खेळों की मरम्मत करवाई जाए ताकि उनमें पानी की पर्याप्त उपलब्धता रहे। उन्होंने गौशाला स्थित टंकी की संभाल और वहां से पानी सीधे खेळों में पहुंचाने की व्यवस्था करने के लिए भी कहा। इसके अलावा गौशाला परिसर में बनी ग्रीन बेल्ट में पौधों को नियमित रूप से पानी देने के लिए श्रमिक लगाने के भी निर्देश दिए। बीमार गायों के बाड़े के एक्सटेंशन करने के भी निर्देश दिए ताकि वहां अधिक गायों को रखा जा सके। आयुक्त मेहरा ने बताया कि गौशाला परिसर में ही पांच बीघा भूमि का एक टुकड़ा है, जहां पहले गोबर रखा जाता था। निगम ने हाल ही इस बाड़े को साफ करवाया है। गौशाला की सफाई के दौरान गौवंश को इस टुकड़े में शिफ्ट करने के लिए दरवाजा बनाने, वहां पानी के लिए चार खेळों के निर्माण तथा वहां कार्य करने वाले श्रमिकों के लिए सुविधाएं विकसित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।