जोधपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर स्थित इनक्यूबेटर सेंटर में ‘पिचथॉन 2026’ का आयोजन किया गया। एसपीजेआईएमआर वाइज टेक (‘SPJIMR WISE Tech’) और आई-स्टार्ट राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में आठ चुनिंदा स्टार्टअप्स कंपनियों को अपने नवाचारी विचार प्रस्तुत करने का मौका मिला। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इनमें ‘रेट’ (‘Rhett’) के फाउंडर स्वास्तिक ग्रोवर ने प्रथम पुरस्कार जीता। जबकि, ‘प्राइमस्कोर’ के संस्थापक सवाईसिंह को द्वितीय और ‘वीड्स वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड’के संस्थापक डॉ. श्रेयांश टाटिया को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इस मंच ने नवउद्यमियों को अपना कार्य प्रदर्शित करने का शानदार अवसर दिया। उल्लेखनीय है कि इन्हीं में शामिल प्राइमस्कोर एक जोधपुर का फिनटेक स्टार्टअप है, जो भारतीयों की क्रेडिट रिपोर्ट में आई गड़बड़ियों को सुधारने का काम करता है। इसकी सेवाओं में क्रेडिट रिपोर्ट में दर्ज अज्ञात या गलत लोन खातों को हटवाना और ग्राहक की लोन पात्रता बेहतर करना शामिल है। उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देना है लक्ष्य इनक्यूबेटर सेंटर जोधपुर की प्रभारी अधिकारी मनीषा चौहान ने बताया- इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य प्रारंभिक चरण की कंपनियों को पहचान दिलाना और उन्हें उचित मार्गदर्शन देकर विकास के पथ पर अग्रसर करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेषज्ञों के साथ संवाद से प्रतिभागियों को बाजार की बारीकियों और तकनीकी सुधारों को समझने में मदद मिलती है।
विशेषज्ञों ने की समीक्षा कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में एग्रोनिकफूड प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक नंदेश संचेती और वाइज टेक के निदेशक संतोष कुमार शामिल रहे। मेंटर रौनक वर्मा ने कार्यक्रम का सुचारू संचालन किया। विशेषज्ञों ने सभी संस्थापकों के समाधानों को सुना और उन्हें बाजार के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव व मार्गदर्शन दिए।
