अलवर में करीब 5 करोड़ रुपए के चेक बाउंस मामले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्ष 2015 से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ एनआई एक्ट के 15 स्थायी वारंट और कोतवाली थाने में 8 वारंट लंबित थे। पुलिस ने मौके से दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अरावली विहार थाने के SHO रामेश्वर ने बताया- 11 साल से फरार चल रहे वारंटी मोतीलाल भार्गव को भोपाल से गिरफ्तार किया गया। अलवर जिले के अरावली विहार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोतीलाल को भोपाल के निशांतपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वहीं ऑपरेशन साइबर संग्राम अभियान 2.0 के तहत 16 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस ने उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया। 5 लाख कीमत के 16 मोबाइल जब्त कर मालिकों को सौंपे
ऑपरेशन साइबर संग्राम 2.0 के तहत अरावली विहार थाना पुलिस ने CEIR पोर्टल पर दर्ज गुमशुदा मोबाइल फोन को ट्रेस किया। इसके बाद 16 मोबाइल बरामद किए, जिनकी कुल कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी गई है। बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए गए। गुमशुदा मोबाइल की यहां करा सकते हैं शिकायत
पुलिस के अनुसार CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) दूरसंचार विभाग का नागरिक केंद्रित पोर्टल है। इसके माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को IMEI नंबर के जरिए ब्लॉक व ट्रेस किया जा सकता है। मोबाइल गुम होने पर संबंधित व्यक्ति थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ-साथ स्वयं भी CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकता है।