डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश दिगम्बर सिंह ने शुक्रवार को जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने डीग और भरतपुर जिलों में हाल ही में हुई असमय बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए व्यापक नुकसान का मुद्दा उठाया। विधायक डॉ. सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि पिछले दिनों हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की खड़ी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। गेहूं, सरसों, जौ और चना जैसी प्रमुख फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि खेतों में खड़ी फसल के साथ-साथ घरों और मंडियों में रखी कटी फसलें भी प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। डॉ. सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फसल नुकसान का सर्वे करवाया जाए और किसानों को नियमानुसार राहत प्रदान की जाए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों को डीग और भरतपुर जिलों में फसल नुकसान का शीघ्र सर्वे कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सर्वे प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिल सके। इस अवसर पर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डीग-कुम्हेर और भरतपुर क्षेत्र के किसानों के हितों की रक्षा उनकी प्राथमिकता है। डॉ. सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के सहयोग से प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिलेगी और वे इस कठिन परिस्थिति से उबर पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर वे लगातार सरकार के समक्ष मजबूती से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
