सीकर के सदर थाना इलाके में शादी के 5 दिन बाद ही दो दुल्हन घर वालों को खाने में नशे की दवा देकर फरार हो गई। साथ ही घर से जेवरात भी लेकर चली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीकर के नानी गांव निवासी विकास ने सदर पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि गांव का ही रहने वाला सुभाष उनका परिवार में भाई लगता है। गोकुलपुरा निवासी पिंटू,सुभाष का सगा बहनोई है। पिंटू की पत्नी प्रभाती,राजू पत्नी रामचंद्र ने मिलकर विकास के परिवार को कहा कि हमारा संबंध गोरखपुर तक है। जहां से विकास और सुनील के लिए पत्नियां लाकर देंगे। इसके बदले 3.50 लाख रुपए लगेंगे। विकास के घरवालों ने यह रुपए दे दिए। इसके बाद पिंटू के साथ विकास के घरवाले गोरखपुर गए। जहां से 1 अप्रैल को वापस आए। यहां गोकुलपुरा गांव की गोसाई मंदिर में विकास और सुनील की शादी की रस्म हुई। इससे पहले प्रभाती ने 60 हजार रुपए और लिए। गोरखपुर से लाई गई दोनों लड़कियों का नाम गुड्डू और हंसु बताया। 5 अप्रैल की रात को खाने में नशे की दवा मिलाकर दोनों पत्नियों घर से सोने चांदी के जेवरात लेकर भाग गई। इस बारे में जब सुभाष से बात की गई तो उसने कहा कि पूरा मामला पिंटू को ही पता है। पिंटू ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ किया हुआ है। इसके बाद गुड्डू और हंसु ने व्हाट्सएप वॉइस कॉल पर अपनी गलती स्वीकारी और कहा कि पिंटू और सुभाष उसे कहेंगे तो 15 अप्रैल को वापस आपके साथ आकर रहेंगे। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दिया है।