दौसा जिला स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शहर के नेहरू गार्डन में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया और रस्साकशी एवं चम्मच दौड़ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए पंच गौरव के अंतर्गत प्रदर्शित जिला उत्पादों एवं हस्तशिल्प उत्पाद देखे। इसके बाद रस्साकशी एवं चम्मच दौड़ टीमों का परिचय एवं टॉस कर प्रतियोगिताओं की औपचारिक शुरुआत की। प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं आयोजन कलेक्टर जिला स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि जिले की सांस्कृतिक एवं आर्थिक पहचान को भी सशक्त बनाते हैं। उन्होंने जेल में तैयार उत्पादों को देखकर कहा कि यह पहल कैदियों के पुनर्वास के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। राजीविका समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए उन्होंने इनके व्यापक विपणन एवं बड़े बाजारों से जुड़ाव के प्रयास तेज करने की बात कही। खादी भंडार के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने इसे अधिक पहचान दिलाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला, जिला परिषद के सीईओ बिरदी चंद गंगवाल, एसडीएम संजू मीणा, एसीईओ राजेश मीणा, जिला खेल अधिकारी मनोज शर्मा, विपिन जैन आदि मौजूद रहे।