मोगा में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहगढ़ पंजतूर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 30 किलोग्राम पोस्त बरामद किया है। पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी, तभी एक मुखबिर से सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि गांव बहादरवाला के नजदीक गोलूवाला नहर के पास एक व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने गुरजीत सिंह निवासी गांव बहादरवाला को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर नशे का खेप बरामद तलाशी लेने पर उसके पास से 30 किलोग्राम पोस्त बरामद हुआ। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।मामले की जांच कर रहे सहायक थानेदार जसबीर सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने वाला था। उन्होंने यह भी बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मोगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।