नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर यमुना नदी में राज्य के पर्यटकों से भरे स्टीमर पलटने से जुड़ी रही। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई। सभी पर्यटक लुधियाना के जगराओं से मथुरा के वृंदावन घूमने गए थे। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. यमुना में स्टीमर डूबा, पंजाब के 10 पर्यटकों की मौत मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर यमुना नदी में 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर पलट गया। हादसे में 10 पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई। इसकी पुष्टि मथुरा के डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने की है। स्टीमर में सवार सभी पर्यटक पंजाब से घूमने आए थे। SDRF और NDRF मौके पर रेस्क्यू चला रही है। 50 लोकल गोताखोर भी रेस्क्यू में जुटे हैं। गोताखोर गुलाब ने बताया- करीब 15 लोगों को बाहर निकाल लिया है। पर्यटक मनोहर लाल ने बताया- हम सभी पंजाब के जगरांवा से आए हैं। तेज हवा चल रही थी। यमुना नदी के बीच में स्टीमर अचानक तेज हवा से डगमगाने लगा। स्पीड भी बढ़ गई। तभी स्टीमर पीपा पुल से टकराकर पलट गया। मौसम विभाग की बेवसाइड स्काईमेट के अनुसार, वृंदावन में अभी 31 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. AAP मंत्री विवादों में घिरे, फैक्ट्री मालिक में बहस की वीडियो वायरल पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के रेवेन्यू मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां विवादों में घिर गए हैं। होशियारपुर की जैलदार इनोवेशन नाम की फर्म के मालिक मलकीत सिंह ने आरोप लगाया कि मंत्री ने उनसे ट्रॉली खरीदी और 6 लाख रुपए नहीं दिए। वह पेमेंट मांगने गया तो मंत्री ने कहा कि इतना तो मेरा कमीशन है। मंत्री ने उसकी फैक्ट्री में हिस्सा मांगा। इनकार किया तो झूठी शिकायतें करवानी शुरू कर दीं। गैंगस्टरों को हमारे पीछे लगा दिया। फैक्ट्री बंद करवा दी। मलकीत ने कहा कि इससे उसके बच्चों का स्कूल छूट गया। मलकीत ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू और भाजपा MLA जंगीलाल महाजन के साथ चंडीगढ़ में कॉन्फ्रेंस के दौरान ये बातें कहीं। यह मामला तब उजागर हुआ, जब एक कॉन्फ्रेंस कॉल रिकॉर्डिंग वायरल हुई। जिसके बाद मलकीत ने दावा किया कि इसमें उसकी बात मंत्री हरदीप मुंडियां से ही हो रही है। इसके अलावा इसमें अजनाला से AAP विधायक कुलदीप धालीवाल की भी आवाज है। इस मामले में अभी तक मंत्री मुंडियां और विधायक धालीवाल का कोई बयान सामने नहीं आया है। (पढ़ें पूरी खबर) 3. श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली खाई में गिरी, 3 की मौत पंजाब के श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में पलट गई। हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। छोटे बच्चे समेत कई श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का देहरा अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसा नेशनल हाइवे-503 पर ढलियारा स्थित राधा स्वामी सत्संग घर के पास हुआ। इसमें पंजाब के कपूरथला से आए लगभग 30 श्रद्धालु सवार थे। ढलियारा मोड़ पर अनियंत्रित होने के बाद ट्रैक्टर ट्राली सड़क से करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि यह हादसा ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। श्रद्धालु चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन करके ज्वालाजी मंदिर जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से सभी घायलों को खाई से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि करीब सवा 12 बजे हादसा हुआ। (पढ़ें पूरी खबर) 4. प्रेग्नेंट महिला चिल्लाती रही, पुलिस ने अस्पताल जाने नहीं दिया जालंधर में पुलिस और एक टैक्सी ड्राइवर भिड़ गए। टैक्सी ड्राइवर गंभीर हालत में अपनी प्रेग्नेंट पत्नी को लेकर अस्पताल जा रहा था। लेकिन नाके पर तैनात पुलिसकर्मी ने सीट बेल्ट न लगाने की बात कहकर उसे रोक लिया। 1 घंटे तक दोनों में बहस होती रही, पति दर्द से कराह रही पत्नी की मेडिकल रिपोर्ट दिखाता रहा और मिन्नतें करता रहा। लेकिन नाके पर खड़े पुलिसकर्मी ने उसे जाने नहीं दिया। आरोप है कि पुलिस की इस देरी की वजह से बच्चे की जान तक खतरे में पड़ गई। पीड़ित का आरोप है कि नाके पर तैनात दो मुलाजिमों ने शराब पी रखी थी और वे बात करने की स्थिति में भी नहीं थे। जब वो पुलिसकर्मी का वीडियो बनाने लगे तो वो मौके से अपनी चाबियां और गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। उधर, ACP का चार्ज देख रहे मनमोहन सिंह ने कहा की अभी मुझे इस मामले की जानकारी नहीं है। अगर कोई शिकायत मिलती है। तो जांच कर एक्शन लिया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) 5. CM भगवंत मान की केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात बारिश से फसलों को हुए नुकसान व आरडीएफ जैसे मुद्दों को लेकर CM भगवंत मान ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बारिश से फसलों को नुकसान हुआ है, उसका जायजा लेने के लिए तुरंत टीम भेजी जाए, ताकि किसानों को होने वाले नुकसान की भरपाई की जा सके। इस पर केंद्र ने टीमें भेजने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने दलील दी है कि आरडीएफ के करीब 9000 करोड़ रुपए तुरंत जारी किए जाएं। उन्होंने केंद्र सरकार को विकल्प दिया कि अगर केंद्र पैसे जारी कर देता है, तो वह केस वापस लेने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र राशि किश्तों में जारी कर दे। CM ने कहा कि कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री ने सारे प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से वर्चुअल मीटिंग की थी। इस दौरान खाड़ी युद्ध की वजह से प्रभावित होने वाले सेक्टरों को लेकर चर्चा हुई। उस संबंधी आज लिस्ट देकर आए। पंजाब में 155 मीट्रिक टन गेहूं कवर्ड गोदाम में पड़ी है। हमने एफसीआई को कहा कि उस भंडार को उठाया जाए। गोदाम खाली करवाए जाएं। (पढ़ें पूरी खबर) 6. इंफ्लुएंसर कमल कौर भाभी का हत्यारा गिरफ्तार लुधियाना की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी की हत्या के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से पंजाब लाया गया है। पुलिस अधिकारी सर्वजीत सिंह बराड़ के अनुसार बठिंडा पुलिस की टीम आरोपी को UAE की अथॉरिटीज से कस्टडी में लेकर भारत पहुंची। मेहरों को इसी साल जनवरी में शारजाह पुलिस ने वीजा से जुड़े मामले में पूछताछ के दौरान हिरासत में लिया था। 11 जून 2025 को आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर इन्फ्लुएंसर का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को बठिंडा के आदेश अस्पताल के बाहर खड़ी कार में छोड़ दिया था। आरोपी कंचन को बठिंडा में कार के शोरुम की प्रमोशन के बहाने ले गए थे। इस मामले में उसके अन्य साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वारदात के बाद अमृतपाल देश छोड़कर फरार हो गया था। पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर उसकी लोकेशन मिडिल ईस्ट में ट्रेस की और डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू की। (पढ़ें पूरी खबर) 7. मेजर ने विज्ञापन देख की थी शादी, तलाक देकर ढोल पर नाची थी पत्नी जालंधर कैंट में तैनात मेजर गौरव अग्निहोत्री से तलाक लेकर ढोल पर नाचने वाली प्रणिता को लेकर नया खुलासा सामने आया है। मेजर ने बताया कि अखबार में विज्ञापन देख प्रणिता से शादी की थी। उन्होंने भी विज्ञापन दिया था, जिसे देख लड़की वालों ने बात की और मिले। दोनों में बात बनी तो रिश्ता तय हो गया। शादी के 11 महीने तक सब ठीक चला। लेकिन इसके बाद ससुराल की दखलअंदाजी बढ़ गई और प्रणिता ने झगड़ा करना शुरू कर दिया।वहीं, मजेर के पिता ने कहा कि प्रणिता प्रापर्टी को लेकर भी झगड़े करती थी और अपने नाम जमीन करवाने को कहती थी, इसके चलते मैंने उसके नाम पर 3 बीघा जमीन करवाई, जिसके डॉक्यूमेंट भी उनके पास हैं। शादी के एक साल बाद ही प्रणिता ने प्रताड़ित करने का आरोप लगा उनको अरेस्ट करवाना चाहा और बाद में बेटे को तलाक दे दिया। 4 अप्रैल को मेरठ में तलाक के बाद प्रणिता और उसके परिवार ने ढोल की थाप पर डांस किया था। इस मौके पर परिवार के सभी सदस्य ब्लैक कलर की टी-शर्ट पहने दिखे। जिस पर बेटी की तस्वीर थी और लिखा था- “आई लव माय डॉटर”। (पढ़ें पूरी खबर) 8. झाड़ियों में मिला कंकाल युवती का, थोड़ी देर में आऊंगी कहकर निकली थी चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया में झाड़ियों में मिले कंकाल की पहचान हो गई। ये कंकाल युवती का है। जिसके परिजन सामने आए हैं। युवती के घरवालों ने कहा- बेटी आरती (21) का मर्डर किया गया है। वह 11 फरवरी से लापता थी। लेकिन पुलिस उसे ढूंढने के बजाय उन्हें यह कहकर टालती रही कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से गई होगी। परिजनों ने कहा कि वह 11 फरवरी की सुबह यह कहकर घर से निकली थी कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएगी, लेकिन वह नहीं लौटी। इसके बाद सीधा उसकी लाश मिली है।सोशल मीडिया पर कंकाल मिलने का वीडियो देखा और खुद ही इंडस्ट्रियल एरिया थाने पहुंच गए। कंकाल अभी तक उसके परिजनों को नहीं सौंपा गया है। परिजन अब मर्डर की FIR दर्ज करवाने पर अड़े हुए हैं। 6 दिन पहले घास काटते समय नगर निगम के माली ने खोपड़ी देखी थी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी और कंकाल को कब्जे में ले लिया था। अंगूठी और मौके से मिले कपड़ों के आधार पर पहचान की गई। (पढ़ें पूरी खबर) 9. सिंगर सुनंदा शर्मा ने दिखाया चोट का निशान, बोलीं- किसकी नजर लग गई पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के कुछ फनी वीडियो सामने आए हैं। सुनंदा शर्मा कभी बस तो कभी ऑटो में बैठी दिखीं। वह वीडियो में मजाकिया अंदाज में बातें करती नजर आईं। सुनंदा शर्मा एक वीडियो में अपने टीम मैंबर्स के साथ बस में दिख रही हैं। मास्क लगाए सुनंदा ने अचानक बस में जोर-जोर से बोलना शुरू कर दिया, जिससे बस में बैठे उनके टीम मैंबर्स व पैसेंजर्स एक पल के लिए हैरान रह गए। सुनंदा ने मजाकिया लहजे में पूछा- रोटी आई सी ओथे? नाल दाल मखनी इतना ही नहीं। इसके बाद सुनंदा ने मिस्सी रोटी की जिक्र किया। जिस पर बह खुद भी हंसने लगीं। उन्होंने कहा कि जा-जां (जहाज) दे सफर कर कमले (पागल) हो गए। इस बीच सुनंदा ने अपनी एक और तकलीफ फैंस के साथ साझा की। उन्होंने अपने पैर पर पड़ा एक नीला निशान दिखाते हुए पंजाबी में कहा एह पता नहीं केहड़े औंतरे ने नजर लाई है पैर नूं। (पता नहीं किस बदकिस्मत की नजर मेरे पैर को लग गई है)। इस दौरान सिंगर ने आतिशबाजी देख कहा कि डराओ तो मत। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके… 10. पंजाबी का कनाडा में पंप सील, गाड़ियों में पेट्रोल की जगह भरा पानी कनाडा में गाड़ियों में पेट्रोल की जगह पानी भर दिया गया। जिसके बाद पंजाबी मूल के व्यक्ति का पेट्रोल पंप सील कर दिया गया है। पेट्रोल और डीजल भरवाने वाले करीब 18 ग्राहकों की गाड़ियां कुछ ही किलोमीटर चलने के बाद बंद हो गईं। जांच में पता चला कि पेट्रोल में 50% से ज्यादा पानी मिला हुआ था, जिससे गाड़ियों के इंजन हाइड्रोलिक लॉक हो गए। इस कारण लोगों को करीब 4 लाख रुपए तक का रिपेयर खर्च उठाना पड़ा। मामला ओंटारियो के एलमवेल का है, पिछले एक महीने से इस पूरे मामले की जांच चल रही है। जांच में सामने आया कि स्टेशन के अंडरग्राउंड टैंकों में पानी का रिसाव हुआ था। पंप मालिक सुखविंदर कंधोला ने कहा कि ये सब गलती से हुआ है। मुझे नहीं पता कि कैसे पानी आ गया। गाड़ियां खराब होने के बाद क्लेम के लिए लोग उनको परेशान कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर उल्टा सीधा कह रहे हैं। जिससे वह बहुत परेशान हैं। ऑटोमैटिक मॉनिटरिंग सिस्टम पानी का पता लगाने में विफल रहा। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम साढ़े 5 बजे फिर होगी मुलाकात)
