खैरथल-तिजारा जिले की मुण्डावर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों ने जसाई गांव में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की थी और फरार हो गए थे। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। एडिशनल एसपी जयासिंह ने बताया – घटना 25 मार्च 2026 को हुई थी। आरोपियों ने बाइक और स्कॉर्पियो में सवार होकर जसाई गांव में एक परिवादी और उसकी फॉर्च्यूनर कार पर फायरिंग की थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिसके बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने लगातार दबिश करते हुए तीनों इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान रेवाड़ी जिले के रानोली प्राणपुरा निवासी सचिन जाट (25), मुण्डावर थाना क्षेत्र के जसाई निवासी अजय उर्फ सोनू (21) और महेंद्रगढ़ जिले के बूढ़याल निवासी राकेश उर्फ राकू (26) के रूप में हुई है। इस मामले में गैंग का सरगना और हिस्ट्रीशीटर गब्बर पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, दो खाली मैगजीन और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश (IPS) और जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय (IPS) के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयासिंह (RPS) के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी किशनगढ़बास लालसिंह (RPS) के सुपरविजन में मुण्डावर थानाधिकारी मोहर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में थानाधिकारी मोहर सिंह, सहायक उप निरीक्षक रविंद्र कुमार, रतनलाल, देवपाल सिंह, निहाल सिंह, हैड कांस्टेबल नरेंद्र और कांस्टेबल फूलसिंह, सतपाल, राकेश, सुरेंद्र, नरेश कुमार, सुरेंद्र, बृजेश शामिल थे।