श्रीगंगानगर जिले के घमूड़वाली थाना क्षेत्र में जीवनदेसर के पास नहर में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव एक दूसरे से बंधे हुए थे। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग को ही इस घटना का कारण बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान विक्रम (25) और निकिता (25) के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के बारेकां (अबोहर) के रहने वाले हैं। दोनों शादीशुदा हैं और 29 मार्च को घर से लापता हो गए थे। बुधवार शाम को उनके शव जीवनदेसर के पास स्थित नहर में बहते हुए मिले। पुलिस के अनुसार- बुधवार शाम को ग्रामीणों ने सूचना दी कि नहर में एक युवक और युवती का शव पानी के साथ बहकर आ रहा है। सूचना मिलते ही घमूड़वाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को नहर से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवाया। शवों के पास से बरामद हुए मोबाइल की सिम से पहचान हुई। शवों की शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। आज विक्रम के पिता पालाराम समेत दोनों परिवार के सदस्य घमूड़वाली थाना पहुंचे और शवों की पहचान की। परिवार वालों ने बताया कि दोनों 29 मार्च को घर से निकल गए थे, जिसके बाद से पूरे परिवार उनकी तलाश में जुटे हुए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निकिता और विक्रम के बीच प्रेम संबंध थे। परिवार की सहमति न मिलने के कारण दोनों घर छोड़कर चले गए और सुसाइड कर लिया। मोबाइल पानी में भीग जाने के बावजूद सिम से महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिससे पहचान आसान हुई। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारण की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस दोनों परिवारों से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।