दौसा में बेकाबू ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद हाईवे पर खड़ी पुलिस पेट्रोलिंग की गाड़ी में घुस गया। कार में सवार एएसआई और दो कॉन्स्टेबल समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसा नेशनल हाईवे-21 पर सिकंदरा थाना क्षेत्र के दुब्बी गांव के पास मंगलवार रात करीब 1:30 बजे हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पहले हादसे से जुड़ी ये फोटों देखिए … एएसआई सहित तीन पुलिसकर्मी घायल जानकारी के अनुसार, पुलिस की पेट्रोलिंग कार रात्रि गश्त के दौरान सर्विस रोड पर खड़ी थी। इसी दौरान भरतपुर की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक पहले रेलिंग-डिवाइडर से टकराया और फिर अनियंत्रित होकर पुलिस कार से जा भिड़ा। हादसे के समय कार में दौसा कोतवाली थाने के एएसआई रतनलाल, ड्राइवर किशोरीलाल और दो कांस्टेबल सवार थे। टक्कर के बाद सभी पुलिसकर्मी तुरंत कार से बाहर निकले। हादसे में एएसआई सहित तीन जवानों को चोटें आईं। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी
सूचना पर दुब्बी चौकी और सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए सिकंदरा सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद की PHOTOS … नहर की पुलिया से टकराकर रुका ट्रक एएसआई रतनसिंह ने बताया- ट्रक में मार्बल की टुकड़ियां भरी हुई थीं। स्पीड इतनी तेज थी कि ट्रक भरतपुर की ओर जा रहा था, लेकिन टक्कर के बाद जयपुर की तरफ घूम गया। पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारने के बाद पीछे नहर की पुलिया से टकराकर रुक गया। ऐसे में बड़ा हादसा टल गया। नींद की झपकी या नशे में ड्राइविंग की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार के कारण ट्रक बेकाबू होकर पहले रेलिंग-डिवाइडर से टकराया, जिसके बाद पुलिस वाहन से टक्कर हुई। गनीमत रही कि सीधी टक्कर नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस को आशंका है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई थी या वह नशे में था। मामले की जांच जारी है।