सीकर नगर परिषद के वार्डों की वोटरलिस्ट में धांधली का आरोप लगाते हुए आज नगर परिषद के निवर्तमान सभापति जीवण खां ने शाम को कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी को ज्ञापन दिया। जीवण खां ने कहा कि एक वार्ड से 600 वोट दूसरे वार्ड में डाल दिए गए। इतना ही नहीं मृत लोगों के नाम अभी तक वोटर लिस्ट में है। SIR में जिन नए मतदाताओं ने नाम जुड़वाया उनका नाम नई वोटर लिस्ट में नहीं है। नगर परिषद के निवर्तमान सभापति जीवण खां ने कहा कि निर्वाचन आयोग के द्वारा नई वोटर लिस्ट जारी की गई है उसमें बहुत धांधली हुई है। धांधली भी इस तरह से की गई है कि घर बैठकर,बिना किसी सर्वे के वोटर लिस्ट बनाई हो। वोटर लिस्ट देखकर बड़ी हंसी भी आती है कि सुभाष चौक के नए वार्ड नंबर 20 के 600 वोट को नए वार्ड नंबर 21 में जोड़ दिए। वार्ड नंबर 20 में धोद रोड और लसाड़िया का बास के वोट जोड़ दिए। वार्ड नंबर 15 के वोट 16 में जोड़ दिए। वार्ड नंबर 61 के वोट 63 में जोड़ दिए,7 और 8 नंबर वार्ड के वोट 11 में जोड़ दिए। कोई भी वार्ड ऐसा नहीं है जिसकी वोटर लिस्ट में धांधली नहीं हुई हो। SIR करवाया गया जिसमें तीन से चार महीने लोगों को उलझाकर रखा गया। SIR फिल्टर होकर आ गई फिर भी 2025 की वोटर लिस्ट से चुनाव करवाने की इनकी क्या मंशा है। यह लोग जानबूझकर किसी भी तरीके से वोटरलिस्ट में गड़बड़ करके चुनाव जीतने की मंशा रखते हैं। हालांकि अभी तक इनका चुनाव करवाने का भी कोई मूड नहीं है। वोटर लिस्ट से अगर चुनाव करवाना है तो फिर अपने हिसाब से ही लिस्ट बनाकर चुनाव करवा लो। SIR में 2025 से लेकर 26 तक के जो नए मतदाता जुड़े हैं,उनको वार्ड की वोटर लिस्ट में नहीं जोड़ा गया है। अब कह रहे हैं कि दोबारा इनको SIR की तरह प्रक्रिया अपनाकर वोटर लिस्ट में जुड़वाओ। हमारी मांग है कि वार्डों की वोटर लिस्ट सही हो। यदि वोटर लिस्ट ठीक नहीं की जाती तो मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। जब बीएलओ को इस बारे बोलते हैं तो वह कहता है कि मतदाता ही अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाएंगे। अब क्या 600-600 वोटर को निर्वाचन शाखा में लेकर आए। BLO ने जानबूझकर वार्ड सीमाओं से अलग वोट शामिल किए। हमारी मांग है कि दोबारा से सर्वे हो और फिर सही से नाम जोड़े जाए।