चंडीगढ़ प्रशासन ने मंगलवार को सेक्टर-7 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पहली बार सिविल डिफेंस वालंटियर्स की पासिंग आउट परेड करवाई। इसमें करीब 400 वालंटियर्स ने हिस्सा लिया। इन्हें सेक्टर-26 स्थित एमजीएसआईपीए में क्लासरूम ट्रेनिंग और फिर चंडी मंदिर कैंट में आर्मी अफसरों और चंडीगढ़ पुलिस की देखरेख में फील्ड ट्रेनिंग दी गई। चंडीगढ़ के चीफ सेक्रेटरी राजीव वर्मा इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने परेड की सलामी ली और वालंटियर्स के अनुशासन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ ट्रेनिंग का नतीजा नहीं है बल्कि समाज और देश की सेवा करने का जज्बा भी दिखाता है। उन्होंने कहा सिविल डिफेंस कोई संस्था नहीं, बल्कि एक भावना और जिम्मेदारी है। जब भी देश को जरूरत होगी, आप सबसे पहले खड़े होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल चंडीगढ़ की आपदा से निपटने की क्षमता को और मजबूत करेगी। “आपको लड़ाई के लिए नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने के लिए तैयार किया गया है। लेकिन आप किसी सैनिक से कम नहीं हैं। ये अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में गृह सचिव मनदीप सिंह ब्रार, डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव, नगर निगम के विशेष आयुक्त प्रदीप कुमार, एसएसपी कनवदीप कौर, एडीसी अमनदीप सिंह भट्टी, एसडीएम साउथ ईशा कंबोज और एसडीएम ईस्ट खुशप्रीत कौर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव ने बताया कि यह देश की पहली ऐसी पहल है जिसमें वालंटियर्स को व्यवस्थित तरीके से सिविल डिफेंस की ट्रेनिंग दी गई है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के लोगों ने बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लिया और इसे सफल बनाया।
