पंजाब की बरनाला जिला पुलिस ने प्राचीन गोशाला के अध्यक्ष अमरजीत कालेके पर हुए हमले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी सतवीर सिंह बैंस ने बताया कि मामले में युद्धवीर सिंह उर्फ छोटा ढोली और जसवंत सिंह उर्फ नगीना को पकड़ा गया है। स्कूटर पर घर जा रहे थे डीएसपी बैंस के अनुसार, 14 सितंबर को अमरजीत बंसल पुत्र शिवन चंद गोबिंद कॉलोनी बरनाला पर हमला हुआ था। अमरजीत ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह रात करीब 8:15 बजे गोशाला से सेवा कर अपने स्कूटर पर घर जा रहे थे। जब वे गली नंबर 2 स्थित अपने घर पहुंचे, तो मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश व्यक्तियों ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया और फरार हो गए। हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल बरनाला में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर सिटी थाना-1 के एसएचओ इंस्पेक्टर लखविंदर सिंह ने पुलिस टीम के साथ जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों युद्धवीर सिंह उर्फ छोटा ढोली पुत्र बिल्लू सिंह रायकोट रोड बरनाला और जसवंत सिंह उर्फ नगीना पुत्र जरनैल सिंह राही बस्ती बरनाला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों पर पहले से कई केस डीएसपी ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी कुछ दिन पहले गोशाला आया था, जहां घायल अमरजीत ने उसे किसी काम से रोका था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने गोशाला अध्यक्ष पर हमला किया। पुलिस लूटपाट के इरादे से भी वारदात को अंजाम दिए जाने की संभावना की जांच कर रही है। कोर्ट से रिमांड पर लेगी पुलिस पुलिस दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान उनसे हमले के पीछे के वास्तविक मकसद और अन्य संभावित पहलुओं के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।