अमृतसर में सेहत विभाग द्वारा आगामी 12, 13 और 14 अक्टूबर 2025 को होने वाले पल्स पोलियो राउंड की तैयारी को लेकर सिविल सर्जन डॉ. स्वर्णजीत धवन के नेतृत्व में जिला टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिला प्रशासन के सहयोग से सम्पन्न हुई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिनमें वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, शहरी चिकित्सा अधिकारी, आइसीडीएस, बिजली विभाग, शिक्षा विभाग, नर्सिंग कॉलेज, आईएमए, पंचायत विभाग, रोडवेज, भट्टा एसोसिएशन और पुलिस विभाग शामिल रहे। पोलियो मुक्त भारत इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भारती धवन ने जानकारी दी कि भारत अब पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, फिर भी इस स्थिति को बनाए रखने हेतु विश्व सेहत संगठन (WHO) के दिशा-निर्देशों के अनुसार नियमित पोलियो राउंड चलाए जा रहे हैं। 297250 बच्चों को पिलाई जाएंगी पोलियो की बूंदें उन्होंने यह भी कहा कि पोलियो जैसी लाइलाज बीमारी से पूरी तरह निपटने के लिए केवल सेहत विभाग की नहीं, बल्कि सभी विभागों की साझेदारी और प्रतिबद्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी सीनियर मेडिकल अफसरों और शहरी मेडिकल अफसरों को निर्देश दिए कि 0 से 5 वर्ष की आयु तक का कोई भी बच्चा जीवन रक्षक पोलियो की दो बूंदों से वंचित नहीं रहना चाहिए। डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि डॉ. इशिता ने बताया कि इस राउंड के अंतर्गत 27 लाख 82 हजार 768 की कुल आबादी वाले 5 लाख 49 हजार 27 घरों में रहने वाले 0 से 5 वर्ष की आयु के 2 लाख 97 हजार 250 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इस कार्य में 1 हजार 407 टीमें लगाई जाएंगी तथा 291 सुपरवाइजर निरीक्षण का कार्य करेंगे।
