राजसमंद जिले के केलवा कस्बे में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। केलवा निवासी मीना तेली (27) की 1 अप्रैल को गुजरात के वेलुक कस्बे में मौत हो गई थी, जिसे ससुराल पक्ष ने आत्महत्या बताया। गुरुवार को जब शव गुजरात से केलवा लाया गया और मोक्षधाम में अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी, तभी परिजनों ने शव पर चोट के निशान देखे। सिर में चोट, गले में फंदे का निशान नहीं परिजनों के अनुसार मृतका के सिर में चोट के निशान थे, जबकि गले पर फांसी लगाने के पुख्ता निशान नहीं मिले। आक्रोशित परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और बिना दाह संस्कार के ही लौट गए। मृतका के भाई विकास तेली ने बताया कि मीना 30 मार्च को अपने ससुराल सूरत गई थी, लेकिन उसे लेने कोई नहीं पहुंचा। 1 अप्रैल को ससुर ने फोन पर उसके आत्महत्या करने की सूचना दी। पति और ससुर पर जताया हत्या का शक परिजनों ने पति हिरेन तेली और ससुर पर मीना की हत्या का संदेह जताते हुए मौत के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने का आरोप लगाया है। इसके बाद परिजन ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरना प्रदर्शन कर मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। मीना की शादी फरवरी 2023 में हुई थी और उसकी ढाई साल की एक बेटी भी है। प्रशासन से अब निष्पक्ष जांच कर मौत के कारणों का खुलासा करने की मांग की जा रही है।
