उदयपुर में सब इंस्पेक्टर (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 105 सेंटर्स पर होगी। उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2025 का आयोजन पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगाा। यह परीक्षा 5 अप्रैल और 6 अप्रैल 2026 को होगी। परीक्षा दो शिफ्टों में रखी गई है। पहली शिफ्ट सुबह 11 बजे से दोपहर 01 बजे तक होगी, जिसमें सामान्य हिंदी का पेपर होगा। दूसरी शिफ्ट दोपहर 03 बजे से शाम 05 बजे तक होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान और सामान्य विज्ञान का पेपर होगा। रविवार और सोमवार दोनों दिन यही टाइम टेबल रहेगा। एग्जाम समन्वयक और एडीएम दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि उदयपुर में कुल 105 सेंटर बनाए गए हैं, जिनमें 36 सरकारी और 69 निजी स्कूल-कॉलेज शामिल हैं। इन सेंटर्स पर करीब 1 लाख 32 हजार 628 अभ्यर्थी परीक्षा ​रजिस्टर्ड है। शहर में एलिवेटेड रोड का काम चलने और ट्रेजरी में जगह कम होने की वजह से राजकीय गुरु गोविंद सिंह स्कूल को अस्थाई स्ट्रोंग रूम बनाया गया है। नकल रोकने और सुरक्षा के लिए 18 सतर्कता दल और 179 पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं। कंट्रोल रूम इंचार्ज चन्द्रेश जैन ने बताया कि एग्जाम सेंटर्स में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बलिचा और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुखेर सबसे दूर स्थित सेंटर हैं। ये दोनों ही केंद्र मुख्य शहर से लगभग 8 किलोमीटर की दूरी पर हैं। इनके अलावा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नाई भी शहर से करीब 7 किलोमीटर की दूरी पर है। दूरदराज के इन सेंटर्स पर पहुंचने के लिए अभ्यर्थियों को समय का विशेष ध्यान रखना होगा, क्योंकि परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले एंट्री बंद हो जाएगी। असल में सुप्रीम कोर्ट के 3 अप्रैल को आए ताजा आदेश के बाद बदलाव के बाद अब आयोग परीक्षा की आखिरी तैयारियों में जुट गया है। पहले कोर्ट में इस भर्ती को लेकर एक कानूनी पेच फंस गया था। पहले 2 अप्रैल को कोर्ट ने एक आदेश दिया था कि साल 2021 की भर्ती में शामिल हुए सभी अभ्यर्थियों को 2025 की परीक्षा में बैठने का मौका दिया जाए। लेकिन RPSC ने इस पर तुरंत 2 अप्रैल को एक प्रार्थना-पत्र लगाकर दोबारा सुनवाई की मांग की। 3 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने अपने पुराने आदेश में संशोधन कर दिया है। नए आदेश के मुताबिक, अब सिर्फ उन्हीं लोगों को परीक्षा में बैठने की इजाजत मिली है जिन्होंने कोर्ट में याचिका (याची) लगाई थी। यानी अब 2021 के सभी अभ्यर्थी इसमें शामिल नहीं हो सकेंगे। सेंटर पर परीक्षा शुरू होने से ठीक एक घंटा पहले तक ही एंट्री दी जाएगी। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना सख्त मना है। साथ ही, बिना एडमिट कार्ड के किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।