बारां में अन्नपूर्णा क्लब द्वारा आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय ओपन शूटिंग बॉल प्रतियोगिता का गुरुवार रात समापन हो गया। कोटा रोड स्थित खेल संकुल मैदान पर हुए फाइनल मुकाबले में मालेगांव ने हरियाणा को 2-1 सेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष निर्मल माथोडिया और सचिव भीमराज चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर की टीमों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु मुख्य अतिथि रहे, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर क्राइम ब्रांच के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कालूराम वर्मा और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। एसपी अंदासु ने अपने संबोधन में जिले को नशा एवं धूम्रपान मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं और खिलाड़ियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। पुलिस आमजन और खिलाड़ियों के सहयोग के लिए हमेशा तत्पर है। प्रतियोगिता में सोलापुर, जामनेर, नवी मुंबई, मालेगांव, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और कोटा सहित विभिन्न राज्यों की टीमों ने भाग लिया। फाइनल में मालेगांव ने हरियाणा को हराया। दिल्ली ने तीसरा और नवी मुंबई ने चौथा स्थान हासिल किया। विजेता टीम मालेगांव को 21 हजार रुपए, उपविजेता हरियाणा को 15 हजार रुपए, तृतीय स्थान पर रही दिल्ली को 7100 रुपए और चौथे स्थान पर रही नवी मुंबई को 5100 रुपए की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी व प्रतीक चिन्ह प्रदान किए गए। दिल्ली के विकास गुर्जर को सर्वश्रेष्ठ नेटर और पंजाब के अरमान को सर्वश्रेष्ठ शूटर चुना गया। उत्कृष्ट खिलाड़ियों और अंपायरों को भी सम्मानित किया गया। आयोजन संयोजक हंसराज सिंह गौड़ ने सभी खिलाड़ियों, आयोजन समिति के सदस्यों, प्रशासन, भामाशाहों और खेलप्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस आयोजन की सफलता का श्रेय सभी के सहयोग को दिया।
