कोटपूतली की गोविंद विहार कॉलोनी में पुरानी पानी की लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण सीवरेज लाइन धंस गई है। इस घटना से क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीमारियों के फैलने का बढ़ा खतरा स्थानीय निवासियों ने बताया-कॉलोनी में पानी की लाइन लंबे समय से जर्जर हालत में थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। सीवरेज धंसने से कॉलोनी के रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं और गंदगी फैलने से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में गहरा आक्रोश है। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके कारण यह गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई। असमंजस की स्थिति बनी इस मामले में जिम्मेदारी को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सीवरेज विभाग के कर्मचारी इसे अपनी जिम्मेदारी मानने से इनकार कर रहे हैं, जबकि वाटर लाइन से जुड़े अधिकारी भी इससे पल्ला झाड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद दोनों पर अपनी जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर जिम्मेदारी तय करने और क्षतिग्रस्त लाइन की जल्द से जल्द मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि कॉलोनी में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।
