भीलवाड़ा में गैस, पेट्रोल और डीजल की किल्लत की अफवाह फैलाने पर 10 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर कार्रवाई हुई है। पुलिस ने पैनिक फैलाने का प्रयास करने के मामले में मंगलवार को उन्हें गिरफ्तार किया। यही नहीं, उनसे माफी मंगवा कर इसका वीडियो भी जारी किया है। इसमें आरोपियों ने कहा- हमने लोगों के वीडियो देख ऐसी रील बना दी। हमारे देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। हम माफी मांगते हैं। आपसे भी निवेदन है कि ऐसे वीडियो न बनाएं। पुलिस ने सभी 10 इन्फ्लुएंसर से अफवाह फैलाने वाले वीडियो डिलीट करवा दिए। फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए बनाए भ्रामक वीडियो एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया- ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच हो रहे युद्ध को लेकर गैस और पेट्रोलियम की किल्लत की अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस कड़ी नजर रख रही थी। इसी दौरान ऐसे 10 अकाउंट मार्क किए गए जो अफवाह फैला रहे थे। ये लोग फॉलोअर्स-व्यूअर्स बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालकर आमजन में डर और भ्रम का माहौल बना रहे थे। इसके बाद इन पर कार्रवाई की गई। आरोपियों ने कॉमेडी वीडियो बनाए थे। थाना बनेड़ा में 4, थाना बड़लियास और मंगरोप में 2-2 और थाना सुभाषनगर व गांधीनगर में 1-1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में करण जाट, धीरज जाट, अर्पित शर्मा, अर्जुन चौधरी, महेंद्र बैरवा, कैलाश बैरवा, मुकेश प्रजापत, राधेश्याम जाट, ओमप्रकाश और दीपक सिंह हैं। सभी को जमानत के बाद छोड़ दिया गया है। लाखों में फॉलोअर्स इनमें से 4 युवकों का ‘बेरोजगार बॉयज’ नाम से इंस्टाग्राम हैंडल हैं। धीरज, अर्जुन, करण और अर्पित इस आईडी को चलाते हैं। इनके 1.4 मिलियन (14 लाख) फॉलोअर्स हैं। वहीं मुकेश प्रजापत का इंस्टाग्राम हैंडल ‘बिल्ला भीलवाड़ा’ है। उसके 28 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। इसमें एक वीडियो में उसने कहा था- ‘देश में युद्ध छिड़ने वाला है। गोबर के कंडे और लकड़ियां चुगना शुरू कर दो। हमने तो कर दी है। गैस आ नहीं रही है। हम तो गांव के हैं, ये सब मिल जाएगा। लेकिन, सिटी वाले कहां जाएंगे?’
