बांसवाड़ा जिले के आबापुरा थाना क्षेत्र में गेमन पुल के पास माही नदी में मछली पकड़ने गए युवकों की नाव पलट गई। हादसे में दो युवक तैरकर बाहर निकल गए, वहीं एक युवक गहरे पानी में लापता हो गया। घटना के बाद से ही उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है और लगातार तलाश जारी है। घटना मंगलवार रात की है। बुधवार सुबह से सिविल डिफेंस टीम सर्च कर रही है। दोपहर तक कोई सुराग नहीं मिला। जानकारी के अनुसार बिलड़िया निवासी विक्रम निनामा अपने दो साथियों- लोधा जांगिड़ निवासी राजू और महेश के साथ देर रात भारी जाल लेकर माही नदी में मछली पकड़ने गया था। बताया जा रहा है कि नाव में अधिक वजन और जाल होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और नाव बीच नदी में ही पलट गई। इस दौरान राजू और महेश किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन विक्रम नदी की तेज लहरों में बह गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, रातभर चला सर्च घटना की सूचना मिलते ही आबापुरा थाना अधिकारी निर्भय सिंह राणावत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। रात में ही स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया, लेकिन अंधेरा और गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सिविल डिफेंस की 12 सदस्यीय टीम जुटी, तलाश जारी रातभर सर्च ऑपरेशन के बावजूद युवक का पता नहीं चलने पर सुबह सिविल डिफेंस की 12 सदस्यीय टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम नावों और आधुनिक उपकरणों की मदद से नदी के अलग-अलग हिस्सों में गहन तलाशी कर रही है, लेकिन अभी तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मौके पर जुटी भीड़, परिजन और ग्रामीणों में चिंता हादसे की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों में चिंता का माहौल है, जबकि पुलिस और राहत दल लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि युवक की तलाश पूरी होने तक अभियान जारी रहेगा।
