धौलपुर में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) की जिला स्तरीय बैठक मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, महाराणा में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष देवेश प्रसाद शर्मा ने की, जिसमें प्रदेश पर्यवेक्षक एवं संभाग संयुक्त मंत्री ओमप्रकाश खुटेला विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिला मंत्री पुरुषोत्तम शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए संगठन की वर्तमान गतिविधियों और आगामी शिक्षा सत्र 2026-27 के सदस्यता अभियान की जानकारी दी। जिले के विभिन्न खंडों से आए पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्रथम सत्र में जिला अध्यक्ष देवेश प्रसाद शर्मा ने महासंघ की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और संघर्ष से एक विशाल वटवृक्ष के रूप में स्थापित हुआ है। शर्मा ने सदस्यता अभियान को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया। द्वितीय सत्र में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नवनीत ने संगठन की विचारधारा, संरचना, कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग, कर्तव्य बोध दिवस और नवसंवत्सर कार्यक्रमों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण पर निर्भर करती है। अंतिम सत्र में संभाग संयुक्त मंत्री ओमप्रकाश खुटेला ने महासंघ को राष्ट्रीय विचारधारा से प्रेरित संगठन बताया। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केंद्र में रखकर राष्ट्र के लिए सक्षम नागरिक तैयार करना है। खुटेला ने कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान के साथ संगठन की विचारधारा के प्रसार और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान हेतु शिक्षा अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक के दौरान तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, विभिन्न वर्गों की पदोन्नति तथा सुप्रीम कोर्ट के संदर्भ में टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने को लेकर राज्य सरकार से मांगें उठाई गईं। कार्यक्रम का संचालन प्रथम एवं द्वितीय सत्र में जिला मंत्री पुरुषोत्तम शर्मा ने किया, जबकि तृतीय सत्र का संचालन संगठन मंत्री जयप्रकाश कटारा ने किया।