अलवर जिले में शादी का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। एक युवक ने कोर्ट में परिवाद पेश कर तीन महिलाओं पर धोखाधड़ी, जहर देने का प्रयास, चोरी और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित विक्रमजीत ने बताया कि उसके घर से करीब 1 किलोमीटर दूर रहने वाली बबली कौर के जरिए पिंकी कौर से मुलाकात हुई। पिंकी ने विक्रमजीत को बताया कि वह शादियां करवाती है और अपनी भांजी रेखा कौर से वह विक्रमजीत का विवाह करवा सकती है। जब विक्रमजीत ने रेखा कौर के पहले से शादीशुदा होने की बात कही तो पिंकी ने उसे विश्वास दिलाया कि रेखा का तलाक हो चुका हौ और जल्द ही कोर्ट से भी कागजी कार्रवाई पूरी हो जाएगी। विश्वास में लेने के लिए तैयार करवाया लिव-इन रिलेशनशिप एग्रीमेंट विश्वास में आकर 9 मई 2025 को विक्रमजीत को कोर्ट बुलाकर रेखा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप का एग्रीमेंट तैयार कराया गया। इसके बाद 26 मई 2025 को 60 फीट रोड स्थित गुरुद्वारे में दोनों की शादी करवा दी गई। शादी के कुछ दिनों बाद ही रेखा का व्यवहार बदल गया और वह छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करने लगी। जांच करने पर विक्रमजीत को पता चला कि रेखा का अपने पहले पति गुरदीप से तलाक हुआ ही नहीं था और यह पूरा एक सुनियोजित षड्यंत्र था। पीड़ित की मां को धोखे से खिलाया फिनाइल आरोप है कि 23 जून 2025 को रेखा ने विक्रमजीत की बीमार मां को खिचड़ी में फिनाइल मिलाकर खिला दी थी, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उसी दिन रेखा मौका पाकर घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व करीब 30 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गई। जेवरात में एक सोने का नेकलैस, एक सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठी, एक चांदी का मंगलसूत्र, चांदी के कड़े पायजेब चुटकी व अन्य जेवरात गायब थे। फोन पर घटना की जानकारी देने पर पिंकी कौर (ब्रोकर और रेखा की मौसी) ने कहा कि ये हमारा धंधा है तुम हमारा कुछ नहीं कर सकते अब हम रेखा की शादी किसी और लड़के से करेंगे। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार पिंकी कौर ने विक्रजीत को धमकी दी की अगर तुमने रेखा से संपर्क करने की कोशिश की तो तुम्हें झूठे मुकदमें में फंसा दूंगी।मामले में पीड़ित विक्रमजीत ने 14 जुलाई 2025 को अरावली विहार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पिंकी कौर पति रेशम सिंह, छोटा झण्डा बस स्टैण्ड के सामने सिरसा हरियाणा के रहने वाले हैं। जनवरी में फिर से मांगी फिरौती आरोप है कि जनवरी 2026 में फिर से फोन कर आरोपियों ने 3 लाख रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे पहले भी कई लोगों को इसी तरह फंसा चुके हैं।
विक्रमजीत ने बताया कि उसने पहले थाना अरावली विहार में शिकायत दी और बाद में पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र भेजा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मजबूर होकर उसने कोर्ट में परिवाद पेश किया है।
रेखा का उपनाम सिमरन कौर है, इस नाम से उसने इंस्टाग्राम पर अकाउंट भी बना रखा है, जहां वह अपनी मां के साथ वीडियो बनाकर अपलोड करती है। रेखा (उम्र 30) की मां का नाम बबली है। रेखा के पहले पति का नाम गुरदीप है। रेखा ने पहले पति से 2015 में शादी की थी उससे उसके 2 बच्चे है। उसके बाद महिला ने विक्रमजीत (उम्र 32) को फंसाकर उससे 26 मई 2025 को गुरुद्वारे में शादी कर ली थी। उससे पहले 9 मई 2025 को विक्रमजीत को कोर्ट बुलाकर रेखा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप का एग्रीमेंट तैयार कराया गया।
रेखा अलवर में दिल्ली रोड मुंगस्का की रहने वाली है जबकि विक्रमजीत सिंह जनता कॉलोनी मौजपुर हाउस के पास रहता है। विक्रमजीत की शादी परिवार की सहमति पर ही हुई थी, रेखा ने विश्वास में लेने के लिए पहले युवक के साथ लिव-इन में रहने का सर्टिफिकेट बनवाया था। रेखा का पहले का ससुराल हरियाणा के फरीदाबाद में है। पीड़ित के अनुसार , रेखा कैथल हरियाणा के राहुल बावनिया,अमन खैरा हरियाणा के साथ भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी कर अपना शिकार बना चुकी है। विक्रमजीत सिंह की मीट की शॉप है और मछली बेचने का काम करता है। अरावली विहार थाने की ASI राजबाला यादव ने कहा कि पीड़ित द्वारा कोर्ट इस्तगासे से मुकदमा दर्ज कराया गया है जिस पर जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी — ये खबर भी पढ़ें जयपुर में लुटेरी दुल्हन गैंग पकड़ी,दो महिलाओं सहित 3 गिरफ्तार:शादी का झांसा देकर लोगों को फंसाते थे, आपस में बांट लेते थे रुपए जयपुर पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश किया है। बिंदायका थाना पुलिस ने दलाल को पकड़ने के बाद गैंग में शामिल दो महिलाओं को रविवार रात अरेस्ट किया। गिरोह शादी का झांसा देकर भोले-भाले लोगों को टारगेट करती थी। पुलिस की ओर से फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। (पूरी खबर पढ़ें)