उदयपुर में 6 से ज्यादा बदमाशों ने तलवार से ताबड़तोड़ वार कर युवक की हत्या कर दी। युवक चचेरे भाई की शादी के फंक्शन में शामिल होकर स्कूटी से घर लौट रहा था। तभी बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। घटना पाटिया थाना क्षेत्र के खेड़ाघाटी, बलीचा में सोमवार रात करीब 2 बजे की है।। युवक की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर तीन थानों की पुलिस तैनात है। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे से पुलिस और ऋषभदेव डीएसपी राजीव राहर परिजनों को समझाने में जुटे हैं। शव को रात को ही खेरवाड़ा हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया। सहमति बनने के बाद पुलिस पोस्टमॉर्टम करवाएगी। परिजनों की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक नीलेश गरासिया (35) पिता लालजी कई साल से अहमदाबाद में बिल्डिंग ठेकेदारी का काम करता था। परिवार में शादी के कारण ही वह कुछ दिन पहले गांव आया था। चचेरे भाई के साथ घर लौट रहा था नीलेश के परिवार में मंगलवार को उसके चचेरे भाई की शादी है। नीलेश और उसका एक अन्य चचेरा भाई नरेश गरासिया सोमवार रात को शादी के फंक्शन में शामिल होकर एक किलोमीटर दूर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में 6-7 युवकों ने उन पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले तलवार से नीलेश के हाथ पर हमला किया। इसके बाद गर्दन और कमर पर वार किया। उसकी मौके पर मौत हो गई। इस बीच नरेश ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। हमले के बाद आरोपी मौके से भाग गए। जहां हमला हुआ, वह जगह शादी के वेन्यू से करीब 200 मीटर दूर है। हमले से पहले शादी समारोह में भी मौजूद थे हमलावर नरेश ने बताया कि नीलेश पर अनिल, विपिन, जयदीप, बद्री, हितेश और अन्य ने मिलकर हमला किया। इनमें आधे से ज्यादा लोग पहले शादी समारोह में मौजूद थे। वे हमारे बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे। जबकि कुछ युवक पहले से ही रोड पर खड़े हुए थे। जैसे ही मैं और नीलेश शादी समारोह से बाहर निकले, आरोपी भी बाइक लेकर पीछे आ गए। रास्ते में अचानक स्कूटी रुकवाकर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। एक युवक के हाथ में तलवार थी, जिससे उसने नीलेश के हाथ पर हमला किया। मैं अपने लोगों को बुलाने दौड़ा, कुछ मिनट बाद लोगों के साथ वहां पहुंचा तो नीलेश पूरी तरह से लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। उसके मुंह, गले और हाथ पर धारदार हथियार से वार किए गए। जानकारी के अनुसार, नीलेश और आरोपियों के बीच लंबे समय से रंजिश है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शी नरेश से जानकारी लेकर आरोपियों की तलाश कर रही है। तीन थानों की पुलिस तैनात हत्या के बाद से ही गांव में माहौल तनावपूर्ण है। आरोपियों के घर पर हमले की आशंका के चलते तीन थानों पाटिया, पहाड़ा और खेरवाड़ा का पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और सबूत जुटाए। इससे पहले ग्रामीणों ने ढोल बजाकर पूरे गांव को इकट्ठा किया। सामाजिक पंचायत कर आरोपियों को सबक सिखाने की बात कही। जल्द आरोपियों को करेंगे गिरफ्तार पाटिया थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह राव ने बताया- आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा ली गई है। उन्हें पकड़ने के लिए टीम काम कर रही है। जल्द आरोपियों को पकड़ लेंगे। धारदार हथियार से वार करना नजर आ रहा है, जिससे बॉडी से काफी खून भी बहा। पोस्टमॉर्टम के बाद और स्थिति सामने आ पाएगी। इनपुट – सतवीर सिंह चौहान, पहाड़ा।
