अलवर में वेटरनरी उप स्वास्थ्य केंद्र में लाइव स्टॉक असिस्टेंट (एलएसए) ने शराब के नशे में हंगामा कर दिया। वहीं किसानों को पशुओं के लिए दवा देने से भी मना कर दिया। मामला अलवर जिले के बगड़ राजपूत स्थित पशु उप स्वास्थ्य केंद्र का सोमवार दोपहर का है। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। लाइव स्टॉक असिस्टेंट (एलएसए) लोकेश कुमार चौधरी पर शराब के नशे में किसान के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए और पशुओं के लिए दवा देने से मना करने के आरोप लगे हैं। वहीं वीडियो में देखा जा सकता है कि कर्मचारी नशे की हालत में किसान से बहस कर रहा है और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा। किसान रोहिताश जाटव ने बताया- वह दोपहर के समय अपनी बकरी और भैंस के पाड़े के लिए दस्त की दवा लेने स्वास्थ्य केंद्र गया था। वहां मौजूद लोकेश चौधरी से उसने ओपीडी की पर्ची बनाकर दवा देने को कहा, लेकिन उन्होंने पर्ची देने से इनकार कर दिया और दुर्व्यवहार करने लगे। किसान का आरोप है कि कर्मचारी ने गाली-गलौज भी की और नशे की हालत में ठीक से बात तक नहीं कर रहा था। इसके बाद किसान ने लोकेश चौधरी का वीडियो भी बना लिया और एलएसए पर कार्रवाई की मांग की। वीडियो में यह बोला कर्मचारी किसान रोहिताश जाटव ने जब ओपीडी की पर्ची बनाने के लिए कहा तो एलएसए लोकेश कुमार ने मना कर दिया। इस पर किसान ने वीडियो बनाया। इसमें किसान ने कहा- ये श्रीमानजी नशे में हैं। इस पर एलएसए ने कहा- कौनसे श्रीमानजी। एलएसए लोकेश कुमार ने कहा- मैं ऑफिस चलाऊं, टीका लगाऊं, मै क्या-क्या करूं। ग्रामीण बोले- कई बार नशे में आता है कर्मचारी ग्रामीणों ने कहा- संबंधित कर्मचारी अक्सर शराब के नशे में केंद्र पर आता है। इस कारण पशुओं के टीकाकरण जैसे जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं। उनका आरोप है कि इसी वजह से गांव के पशुओं में समय पर टीके नहीं लग पाते हैं। वहीं वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह खबर भी पढ़ें… हेडमास्टर ने सरकारी स्कूल में पकाया मीट, VIDEO:बच्चों की छुट्टी कर मेन गेट पर ताला लगाया; ग्रामीण पहुंचे तो नशे में था सवाई माधोपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में हेडमास्टर ने रसोइए से मीट और टिक्कड़ बनवाए और खुद बाहर धूप में कुर्सी डालकर बैठ गया था। इस दौरान बच्चों की छुट्टी कर मेन गेट पर अंदर से ताला लगा दिया। ग्रामीण पहुंचे तो नशे में धुत हेडमास्टर ने फोन पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से बात करने के लिए कहा। उन्होंने मना किया तो बोला- जो कार्रवाई हो कर लेना। मामला गंगापुर सिटी तहसील के राजकीय प्राथमिक स्कूल तालाब की ढाणी, हिंगोटा का था। (पूरी खबर पढ़ें)
