पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों—बिसाऊ और धनूरी—में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 186 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। डिप्टी एसपी (ग्रामीण) हरीसिंह धायल की देखरेख में दो विशेष टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों ने गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचनाओं के आधार पर बिसाऊ और धनूरी रोड पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने शैलेन्द्र सिंह और सुरेश नाम के दो व्यक्तियों को अवैध गांजे के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। बिसाऊ में जोहड़ के पास पकड़ा गया शैलेन्द्र बिसाऊ थानाधिकारी शेर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बीएसएनएल ऑफिस के पास धोलपालिया जोहड़ में एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा है, जिसके पास नशीला पदार्थ हो सकता है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो पुलिस की गाड़ी देखकर युवक ने छिपने की कोशिश की। घेराबंदी कर जब उसे पकड़ा गया और तलाशी ली गई, तो उसके पास से 102 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान शैलेन्द्र सिंह (24 वर्ष) निवासी निराधनूं के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल अंकित कुमार का विशेष योगदान रहा।
धनूरी पुलिस ने होटल के पास से सुरेश को दबोचा धनूरी थानाधिकारी संजय गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि झुंझुनूं-बिसाऊ रोड पर स्थित रॉयल ढाणी होटल (चुड़ैला) के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में बैठा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चुड़ैला निवासी सुरेश सांसी (43 वर्ष) को सड़क किनारे से घेरा देकर पकड़ा। तलाशी लेने पर सुरेश के पास से 84 ग्राम अवैध गांजा मिला। सुरेश के पास इस मादक पदार्थ को रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
