राजस्थान हाईकोर्ट ने एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर ज्यूडिशियल कैडर के 4 अधिकारियों को असिस्टेंट रजिस्ट्रार पद पर पदोन्नत किया है। हाईकोर्ट की ओर से जारी आदेश के अनुसार इन अधिकारियों को पे-मैट्रिक्स लेवल L-16 में प्रमोट किया गया है। सभी पदोन्नत अधिकारियों को पदभार ग्रहण करने की तिथि से एक वर्ष की प्रोबेशन अवधि पर रखा जाएगा। हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अगले निर्देश जारी होने तक सभी अधिकारी अपने वर्तमान पदस्थापन पर ही कार्य करते रहेंगे। ये अधिकारी हुए पदोन्नत जोधपुर से राकेश दवे, सुरेंद्र कुमार जोशी, दीपक सिंह राठौड़ और जयपुर से किशोर शर्मा को पदोन्नत किया गया है। इस सूची में जोधपुर और जयपुर दोनों बेंचों के अधिकारियों को शामिल किया गया है। इससे दोनों जगह प्रशासनिक संतुलन बनाए रखने की कोशिश की गई है। एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ सुविधाओं का विस्तार, क्वार्टर गार्ड का उद्घाटन जोधपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सीआईएसएफ के क्वार्टर गार्ड, डॉग कैनल और क्यूआरटी बैरक का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने वर्चुअल माध्यम से इन सुविधाओं का लोकार्पण किया। उड्डयन मंत्री ने राजकोट एयरपोर्ट से जुड़कर कार्यक्रम को संबोधित किया और देशभर के एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में जोधपुर एयरपोर्ट के डायरेक्टर डॉ. मनोज उनियाल, सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट सूरज खुडे सहित सीआईएसएफ के अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। साथ ही एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस रुकेगी जयपुर के गांधीनगर स्टेशन पर जोधपुर-दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (सप्ताह में 6 दिन) अब गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी। यह ठहराव अगले आदेशों तक के लिए दिया गया है। जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने रविवार को ट्रेन नंबर 26481 जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन जयपुर के गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर सुबह 9:34 बजे पहुंचेगी और 9:36 बजे रवाना होगी। इसी प्रकार वापसी में यह ट्रेन जयपुर के गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर शाम 18:37 बजे पहुंचेगी और 18:39 बजे रवाना होगी।