बारां जिला फुटबॉल संघ की ओर से अंडर-20 फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए ट्रायल कैंप का आयोजन सोमवार को किया जाएगा। यह ट्रायल सुबह 7 बजे से शहर के श्रीराम स्टेडियम में होगा।
राजस्थान फुटबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया ने बताया कि ट्रायल में केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनका जन्म 1 जनवरी 2007 से 31 दिसंबर 2009 के बीच हुआ हो। सभी प्रतिभागियों को अपना जन्म प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। इस ट्रायल के आधार पर चयनित खिलाड़ियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए जिला फुटबॉल संघ की ओर से आवास की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही प्रत्येक खिलाड़ी को 100 रुपए प्रतिदिन खुराक भत्ता भी दिया जाएगा। जिला फुटबॉल संघ के प्रवक्ता सुनील शर्मा ने बताया कि इस प्रशिक्षण के बाद बारां जिले की टीम का चयन किया जाएगा। यह टीम 6 से 9 अप्रैल तक चित्तौड़ में होने वाली राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। प्रतियोगिता में केवल बारां जिले के मूल निवासी खिलाड़ी ही भाग लेने के पात्र होंगे।
टीम को प्रशिक्षण देने के लिए सुमित चौधरी और प्रदीप हाड़ा को नियुक्त किया गया है। जिला फुटबॉल संघ ने जिले के सभी पात्र खिलाड़ियों से इस ट्रायल कैंप में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया है।
