भीलवाड़ा में तेज रफ्तार में आ रही दो बाइक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक गंभीर घायल हो गया। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों युवक उछलकर 100 मीटर दूर तक गिरे। सड़क पर खून ही खून हो गया। दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसा जहाजपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 9 बजे नेशनल हाईवे-148D (भीलवाड़ा-टोंक) पर धोड़ नाथून गांव के पास हुआ। एक बाइक पर सवार दो दोस्त एग्जाम देने जा रहे थे। हादसे से जुड़ी PHOTOS… तेज स्पीड में थी दोनों बाइक SHO लोकपाल सिंह ने बताया- दो बाइक पर चार लोग सवार थे। तेज स्पीड बाइक आमने-सामने भिड़ गईं। मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों युवकों को एंबुलेंस से जहाजपुर हॉस्पिटल पहुंचाया। इनमें से तीन युवकों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हनुमाननगर थाना क्षेत्र के टिकड़ गांव निवासी जितेंद्र (35) पुत्र अशोक मेघवंशी और इंटुदा के रहने वाले नरेंद्र (36) पुत्र हरजीराम मेघवंशी की मौत हो गई। दोनों एक ही बाइक पर सवार थे। दूसरी बाइक पर सवार विशाल (19) पुत्र हनुमान सिंह राजपूत निवासी जोझर, थाना शक्करगढ़ की भी मौत हुई है। शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया गया। विशाल के साथ बाइक पर सवार उसी के गांव का राहुल (18) पुत्र सरदार सिंह हॉस्पिटल में भर्ती है। एग्जाम देने जा रहे थे 2 दोस्त एसएचओ ने बताया- विशाल और राहुल, दोनों प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। दोनों आज राजस्थान स्टेट सर्टिफिकेट इन इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (RSCIT) का एग्जाम देने जोझर गांव से जहाजपुर आ रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार जितेंद्र और नरेंद्र भी दोस्त थे। वे किसी काम के सिलसिले में घर से निकले थे।
