सिरोही जिले में शिवगंज थाना क्षेत्र के देवली गांव में पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी पर हमला किया गया। इस हमले में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार एक घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है। देवली निवासी लक्ष्मी पत्नी तेजराम मीणा ने शिवगंज पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि यह घटना सुबह करीब 8 बजे की है। जब वह और उसके पति घर में काम कर रहे थे, तभी लक्ष्मी दुकान पर सामान लेने जा रही थी। रास्ते में पड़ोसी चांदा राम पुत्र भीमाराम ने उसे जबरन रोका और मारपीट की। आरोप है कि चांदा राम ने उसके कपड़े फाड़कर लज्जा भंग की और जान से मारने की धमकी भी दी। लाठी-सरिए से फोड़ा सिर
इसी दौरान चांदा राम के पुत्र गोटिया ने लाठी से लक्ष्मी के सिर पर जोरदार वार किया। चांदा राम ने भी लोहे के सरिये से उस पर हमला किया। लक्ष्मी की चीख-पुकार सुनकर उसके पति तेजाराम बचाने के लिए आए, तो दोनों हमलावरों ने लाठी और सरिये से उन पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
आसपास के लोगों ने घायल दंपति को इलाज के लिए शिवगंज के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। सिरोही ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उनका इलाज शुरू किया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण दोनों का सिटी स्कैन करवाया गया है और उन्हें डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है। घायलों के परिजनों ने बताया कि हमलावरों द्वारा पिछले कई सालों से उनके साथ लगातार झगड़ा-फसाद कर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। परिजनों का यह भी आरोप है कि उन्होंने पहले भी इस संबंध में पुलिस को रिपोर्ट दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
