जोधपुर में जेब काटने की चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां बैंक में लाइन में खड़े एक किसान युवक की जेब से महज 30 सेकंड में 50 हजार रुपए निकाल लिए गए। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें शातिर बदमाश बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी वीडियो के आधार पर तलाश में जुट गई है। घटना उदयमंदिर थाना क्षेत्र स्थित ‘दी जोधपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक’ की सोजती गेट शाखा में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की है। जहां किसान बैंक में पैसे जमा कराने आया था। घटना के बाद पीड़ित ने उदयमंदिर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। लाइन में पीछे खड़ा था लंबे बालों वाला युवक उदय मंदिर थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, डांगियावास थाना क्षेत्र के बिरामी (चौसिरा की ढाणियां) निवासी दिनेश विश्नोई (30) पुत्र भैराराम शुक्रवार को सुबह अपने पिता के साथ को-ऑपरेटिव बैंक में पैसे जमा कराने आया था। यहां वह सोजती गेट स्थित शाखा में पहुंचा, लेकिन बैंक में भीड़ ज्यादा होने के कारण वह सुबह 10:45 बजे लाइन में लग गया। इस दौरान उसके पेंट की आगे की जेब में 50 हजार रुपए रखे हुए थे। CCTV में दिखा शातिर, 30 सेकंड में निकाले रुपए दिनेश ने अपनी शिकायत में बताया कि लाइन में उसके पीछे एक अज्ञात व्यक्ति आकर खड़ा हो गया, जिसके लंबे बाल और हल्की दाढ़ी थी। करीब 10-15 मिनट तक वह उसके पीछे ही खड़ा रहा। इसके बाद सुबह 10:56 बजे आरोपी ने उसकी जेब में हाथ डालकर 50 हजार रुपए निकाल लिए और वहां से भाग निकला। जब पैसे चोरी होने का पता चला तो उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद जब बैंक के सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो आरोपी वीडियो में पैसे निकालते हुए स्पष्ट दिखाई दिया। परिवादी दिनेश विश्नोई की लिखित शिकायत के आधार पर शुक्रवार को चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल जयसिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे बदमाश की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।
