अजमेर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 देसी पिस्टल और 15 कारतूस बरामद किए हैं। मामले का खुलासा एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने किया। एसपी के निर्देश पर एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ और सीओ शिवम जोशी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। सिविल लाइन थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। ऐसे मिली सफलता पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक अवैध हथियारों के साथ किसी वारदात की तैयारी में हैं। इस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए अजहर उर्फ बंटी और अमजद खान को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 देसी पिस्टल और 15 कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में खुला सप्लाई नेटवर्क दोनों आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने ये हथियार वैशाली नगर निवासी सुमित त्रिलोक नानी से खरीदे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुमित को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि सुमित का कनेक्शन जयपुर से है और वह वहीं से अवैध हथियार लाकर अजमेर में सप्लाई करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। बड़ी वारदात की फिराक में थे आरोपी पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि हथियार खरीदने वाले दोनों आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल ने मामले में कहा कि मामले में जांच जारी है और अवैध हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क का जल्द बड़ा खुलासा हो सकता है।
