जोधपुर के पास फलोदी जिले में दोपहर करीब 12 बजे तेज रफ्तार थार गाड़ी टायर फटने से बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। थार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना मतोड़ा थाना क्षेत्र में पड़ासला इलाके में भारतमाला एक्सप्रेसवे की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुजरात नंबर की थार गाड़ी भारतमाला एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से दौड़ रही थी। अचानक गाड़ी का एक टायर फट गया। इसके कारण चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा। असंतुलित होने के बाद थार हाईवे के बीच बने डिवाइडर की लोहे की रेलिंग से जा टकराई। डिवाइडर की दोनों तरफ की रेलिंग के बीच जाकर पलट गई। उछलकर बाहर गिरे दो युवक, एक अंदर फंसा हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के दौरान गाड़ी में सवार दो युवक उछलकर बाहर जा गिरे। दोनों युवक करीब चालीस फीट दूर जाकर गिरे। इसमें से एक थार के सनरूफ से निकलकर बाहर जा गिरा। रेलिंग से टकराने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गाड़ी में सवार तीसरा युवक थार के अंदर ही फंसा रह गया, जिसकी वजह से वह सुरक्षित बच गया। हालांकि, उसे भी कुछ चोटें आई हैं। घायल की तलाश और शव मोर्चरी में हादसे के बाद गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की। उन्होंने गाड़ी में फंसे घायल युवक को बाहर निकाला और उसे ओसियां (जोधपुर) के सरकारी अस्पताल भेजा। उसका प्राथमिक उपचार किया गया। सूचना मिलने के बाद भारतमाला एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों के शवों को ओसियां अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मतोड़ा पुलिस करेगी शिनाख्त घटनास्थल ओसियां और पड़ासला के बीच है, जो मतोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। अब मतोड़ा पुलिस के मौके पर गाड़ी में और ओसियां मोर्चरी में मृतकों के कपड़ों में कोई दस्तावेज ढूंढे जा रहे हैं। इसके बाद ही मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। पुलिस गाड़ी के नंबरों के आधार पर भी मृतकों के परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। धातु का कुचला हुआ गोला बनी गाड़ी हादसे में थार गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी की टक्कर के कारण रेलिंग भी टूटकर मुड़ गई है। गाड़ी के टायर और अन्य पुर्जे हाईवे पर बिखरे हुए हैं। मौके पर पहुंची मतोड़ा थाने की पुलिस क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ी को हटाने में जुटी है। मतोड़ा थानाधिकारी अमानाराम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया- पड़ासला के निकट क्षेत्र में यह हादसा हुआ है। दोनों शव ओसियां सरकारी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाए गए है। इनकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। मतोड़ा थाने के एएसआई मेघाराम ने बताया- दोनों मृतकों व एक घायल की पहचान हो गई है। ये तीनों ही गुजरात के सिद्धपुर में बालवाहना के रहने वाले हैं। इनमें थार चालक मृतक रेहवान खां (25) पुत्र दौलत खां पठान, मृतक लरपराज खां (35) पुत्र सरदात खां और घायल शाहरुख खान (30) पुत्र मोहम्मद खां शामिल था। घायल का ओसियां के ही उप जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
