रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर). राज्य सरकार के निर्देश पर मूंग फसल की समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए शनिवार से ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई, लेकिन तकनीकी समस्याओं के चलते किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।ई-मित्र केंद्रों पर बड़ी संख्या में किसान ऑनलाइन गिरदावरी निकलवाने पहुंचे, मगर देर शाम तक न तो पंजीकरण पोर्टल सुचारू हुआ और न ही गिरदावरी प्रक्रिया पूरी हो पाई। किसानों ने शिकायत करते हुए कहा कि जिनके पास निजी स्तर पर करवाई गई गिरदावरी उपलब्ध है, उन्हें भी ऑनलाइन गिरदावरी नहीं मिल रही। गांव ठण्डी, रायङ्क्षसहनगर और आसपास के किसानों ने आशंका जताई कि गिरदावरी पूरी नहीं होने के कारण वे समर्थन मूल्य से वंचित रह सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार अब तक केवल 40 फीसदी गिरदावरी हो पाई है और शत-प्रतिशत गिरदावरी में एक माह से अधिक का समय लग सकता है। तहसील कार्यालय के कानूनगो प्रवीण कुमार ने बताया कि जिन चकों की गिरदावरी पूरी हो चुकी है, उन्हें तुरंत लॉक किया जा रहा है, ताकि कास्तकारों को ऑनलाइन गिरदावरी उपलब्ध करवाई जा सके।