डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोनगांव में विधायक डॉ. शैलेश दिगम्बर सिंह ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इन कार्यों से क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है। डॉ. सिंह ने जिला परिषद निधि से स्वीकृत दो प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सोनगांव में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित इंटरलॉकिंग ईंट खरंजा और 15 लाख रुपए की लागत से बना पुस्तकालय एवं वाचनालय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, विधायक निधि से सोनगांव में 10 लाख रुपए तथा ग्राम खेरिया पुरोहित में 5 लाख रुपए की लागत से निर्मित इंटरलॉकिंग ईंट खरंजा निर्माण कार्यों का भी शुभारंभ किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, सोनगांव में सिंगल फेस नलकूप निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया गया। इससे विद्यार्थियों और ग्रामवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं और ग्रामीण विकास को सुदृढ़ करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीग-कुम्हेर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्य इसी प्रतिबद्धता का परिणाम हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रशासक प्रतिनिधि डॉ. मुंशी जी और ग्रामवासियों ने विधायक डॉ. शैलेश सिंह का चांदी का मुकुट, साफा और माला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगदीश अजान, डीग ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राकेश गिरसे सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
