जगराओं के बस स्टैंड चौक के पास सड़क किनारे रेहड़ी-फड़ी लगाकर जीवनयापन करने वाले सैकड़ों परिवारों पर रोज़गार का संकट मंडरा रहा है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की लुधियाना यूनिट ने इन रेहड़ियों को हटाने का नोटिस जारी किया है। इसके बाद प्रभावित रेहड़ी-फड़ी वाले अपनी समस्या लेकर एसडीएम उपिंदरजीत कौर बराड़ से मिले। एनएचएआई ने नेशनल हाईवे (लैंड एंड ट्रैफिक) एक्ट, 2002 की धारा 26 के तहत यह नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि नेशनल हाईवे-05 (पुराना एनएच-95) के लुधियाना से तलवंडी सेक्शन के KM 115-880 (RHS) पर हाईवे की जमीन पर बिना अनुमति कब्जा किया गया है। रेहड़ी-फड़ी लगाकर नियमों का किया उल्लंघन अथॉरिटी के अनुसार, इस स्थान पर रेहड़ी-फड़ी लगाकर नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है और इससे यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही है। एनएचएआई ने निर्देश दिया है कि अवैध कब्जा जल्द हटाया जाए और नोटिस मिलने के 7 दिनों के भीतर रेहड़ियां हटा ली जाएं। नोटिस में यह भी बताया गया है कि यदि कोई व्यक्ति इस संबंध में अपना पक्ष रखना चाहता है, तो वह 27 मार्च 2026 को दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक संबंधित अधिकारी के कार्यालय में अपना प्रतिनिधित्व दे सकता है। रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले नोटिस मिलने पर परेशान नोटिस मिलने के बाद रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले परेशान हैं। उनका कहना है कि वे कई सालों से यहीं से अपने परिवार का गुजारा कर रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च इसी रोज़गार से चलता है। अचानक रेहड़ियां हटाने के आदेश से उनके सामने रोज़गार का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। इसी मुद्दे को लेकर इंकलाबी केन्द्र पंजाब के नेता कंवलजीत खन्ना की अगुवाई में रेहड़ी-फड़ी वालों की यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम उपिंदरजीत कौर बराड़ से मिला। उन्होंने अपनी समस्या विस्तार से एसडीएम के सामने रखी। रेहड़ी-फड़ी वालों ने एसडीएम को बताया कि उन्होंने सड़क पर कोई कब्जा नहीं किया है। वे सर्विस लेन में बने ड्रेनेज नाले के पीछे बैठकर अपना काम कर रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था में भी कोई बाधा नहीं आती है।