अमृतसर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया। गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 10 विदेशी निर्माण की उन्नत पिस्टल और मैगजीन बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी एक विदेशी गैंगस्टर के इशारे पर काम कर रहे थे और पाकिस्तान स्थित तस्करों के साथ मिलकर भारत में अवैध हथियारों की तस्करी कर रहे थे। बरामद हथियारों की खेप का उद्देश्य पंजाब के विभिन्न इलाकों में अपराधियों के बीच वितरित करना था। डीजीपी गौरव यादव ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर यह जानकारी शेयर की। अमृतसर के पुलिस स्टेशन SSOC में संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है, जिसमें आर्म्स एक्ट और BNS एक्ट की प्रावधान शामिल हैं। आगे की जांच जारी है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे के सभी कड़ियों का पता लगाया जा सके और पूरी तस्करी मंडली को समाप्त किया जा सके। जीरो टॉलरेंस नीति अपना रही पुलिस : डीजीपी पंजाब DGP गौरव यादव ने कहा पंजाब पुलिस इस मामले में अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के प्रति प्रतिबद्ध है। अवैध हथियार तस्करी, संगठित अपराध और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। हमारा उद्देश्य पंजाब को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाना है। DGP ने इस जानकारी को ट्वीट के माध्यम से साझा किया है और जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
