जयपुर में पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा- राजधानी में ही लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। यह प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस के शहीद स्मारक पर शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान खाचरियावास ने यह कहा। एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती महंगाई के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने यह विरोध प्रदर्शन किया है। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी जुटे। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए। वहीं कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए कहा- महंगाई लगातार बढ़ रही है, जबकि राहत देने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। खाचरियावास बोले- चुनाव के समय भाजपा उठाती धार्मिक मुद्दे पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने बताया- भाजपा चुनाव के समय धार्मिक मुद्दों को उठाती है, लेकिन आम जनता से जुड़े मुद्दों पर काम नहीं किया जा रहा। खाद्य सुरक्षा योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं, जिससे गरीब परिवार प्रभावित हुए हैं। वहीं उन्होंने झालावाड़ में स्कूल की छत गिरने की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि सरकार जमीनी मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रही है। कार्यकर्ताओं ने दिखाई एकजुटता प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बताया- पार्टी के साथ मजदूर, किसान, नौजवान और महिलाएं खड़ी हैं। उन्होंने कहा- जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सीपी जोशी, बीडी कल्ला समेत कई नेता शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा- आम लोगों को परेशानी हो रही है। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा- शहर में गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लाइनें लगी हैं।
