पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत मोहाली में एसएएस नगर पुलिस ने डेराबस्सी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नशीली गोलियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई एसएसपी हरमंदीप सिंह हंस और एसपी डेराबस्सी बिक्रमजीत सिंह बराड़ के निर्देशन में गठित विशेष टीमों द्वारा की गई। इंस्पेक्टर सुमित मोर, इंस्पेक्टर योगेश कुमार और इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने डेराबस्सी सब-डिवीजन में सघन चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान चलाया। इसी दौरान चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान जसवीर सिंह, अजय कुमार उर्फ बिल्ला, इंदरपाल सिंह और गौरव राणा के रूप में हुई है। दो आरोपियों ने की भागने की कोशिश पुलिस ने जसवीर सिंह और अजय कुमार के कब्जे से 1110 लोमोटिल टैबलेट और कैप्सूल बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के दौरान दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिससे वे घायल हो गए और उनकी बाजू व टांग में फ्रैक्चर आ गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी आपराधिक बैकग्राउंड के हैं और उनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन और स्रोत की जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।