लुधियाना के GRP सीआईए ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 1 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी 20 हजार रुपए के लालच में तस्करी के जाल में फंस गए थे और अमृतसर में इसकी डिलीवरी देने जा रहे थे। आरोपियों ने मुज्जफर नगर से दो बार ट्रेन बदली और लुधियाना पहुंचे। यहां जैसे ही वह रेलवे स्टेशन पर उतरे तो तुरंत पुलिस ने इन तस्करों की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान पकड़े गए
GRP टीम ने रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को काबू किया। पूछताछ में उनके पास से करीब 1 किलो अफीम बरामद हुई। अफीम कब से वह सप्लाई कर रहे है पुलिस इसकी जांच कर रही है। इन तस्करों की सीडीआर निकलवाई जा रही है ताकि जांच में स्पष्ट रूप से पता चल सके कि ये तस्कर कब से नशा तस्करी का काम कर रहे है। आरोपियों की पहचान राहुल कुमार निवासी गांव टेगरारी बाजार, मुजफ्फरनगर और संजय कुमार के रूप में हुई है। दोनों गहने बनाने का काम करते हैं और इनका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। ऐसे फंसे तस्करी में
सीआईए इंचार्ज पलविंदर सिंह के मुताबिक, आरोपी बिहार के मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे। रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें एक बैग दिया और कहा कि इसमें गांजा है, जिसे अमृतसर पहुंचकर एक व्यक्ति को देना है। बदले में 20 हजार रुपए मिलेंगे। गांजा समझ कर आरोपियों ने बैग पकड़ लिया। आरोपियों ने लालच में आकर बैग ले लिया और दो ट्रेनें बदलते हुए अमृतसर की ओर निकल पड़े। उन्हें यह भी बताया गया था कि अमृतसर पहुंचने पर कोई व्यक्ति उनसे संपर्क करेगा और डिलीवरी ले लेगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बैग देने वाला व्यक्ति कौन था और अमृतसर में किसे डिलीवरी होनी थी। दोनों आरोपियों का रिमांड लेकर उनके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
